Is Eating Eggs Everyday Safe: अमेरिकन एक्टर मार्क वाह्लबर्ग (Mark Wahlberg) की जबरदस्त फिटनेस दुनियाभर में सुर्खियां बटोरती है. एक्टर की उम्र 54 साल हो चुकी है, लेकिन उनकी फिटनेस के आगे युवा भी फेल नजर आते हैं. उनके फैंस अक्सर फिटनेस का राज पूछते हैं और अब सोशल मीडिया पर मार्क वाह्लबर्ग ने अपने ब्रेकफास्ट को लेकर इंटरेस्टिंग जानकारी दी है. एक्टर ने बताया कि वे कई सालों से रोज ब्रेकफास्ट में 3-4 हार्ड बॉइल्ड यानी हल्के उबले हुए अंडे खाते हैं. रोज अंडा खाना उन्हें अच्छा लगता है और वे बेहतर महसूस करते हैं. अब सवाल है कि क्या रोज नाश्ते में उबले अंडे खाना सेहत के लिए फायदेमंद है? किन लोगों के लिए ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है? इस बारे में एक्सपर्ट से जान लेते हैं.
यूपी के गाजियाबाद स्थित रंजना न्यूट्रीग्लो क्लीनिक की सीनियर डाइटिशियन रंजना सिंह ने News18 को बताया कि अंडा को प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स माना जाता है और ब्रेकफास्ट में एग खाना फायदेमंद माना जाता है. अंडा खाने से मसल्स की ग्रोथ बेहतर होती है. अंडे में विटामिन A, विटामिन D, विटामिन E, विटामिन B12 , जिंक और आयरन जैसे पोषक तत्व होते हैं. इसमें हेल्दी फैट और एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं, जो आंखों और ब्रेन हेल्थ को सपोर्ट करते हैं. जो लोग रोज वर्कआउट करते हैं या फिजिकली एक्टिव रहते हैं, उनके लिए अंडा एक बेहतरीन ब्रेकफास्ट है.
रोज 3-4 अंडे खाना सुरक्षित या नहीं?
डाइटिशियन ने बताया कि अंडा खाने से ब्लड शुगर लेवल में भी अचानक उछाल नहीं होता है और इसे खाने से दिनभर के लिए एनर्जी मिल जाती है. अंडा वजन कंट्रोल करने और इंसुलिन सेंसिटिविटी सुधारने में भी असरदार है. फैट लॉस और मेटाबॉलिक हेल्थ सुधारने के लिए भी अंडा खाने की सलाह दी जाती है. रोज नाश्ते में उबला हुआ अंडा शामिल किया जा सकता है, लेकिन इसकी मात्रा पर ध्यान देना जरूरी है. सभी लोगों को रोज 3-4 अंडे नहीं खाने चाहिए. खासतौर से गर्मियों में अंडा कम से कम खाना चाहिए. इसकी तासीर गर्म होती है और इसका ज्यादा सेवन कई परेशानियों की वजह बन सकता है. लोगों को आमतौर पर रोज 1 अंडा ही खाना चाहिए. इससे प्रोटीन की कमी भी दूर होगी और किसी तरह का नुकसान नहीं होगा.
ब्रेकफास्ट में कौन सी चीजें खाना फायदेमंद?
एक्सपर्ट के मुताबिक सभी लोगों को नाश्ते में हेल्दी फूड्स शामिल करने चाहिए. ब्रेकफास्ट में ओट्स, दलिया, अंकुरित अनाज, पोहा, इडली, उपमा, मूंग दाल चीला, पनीर, केला, सेब, बादाम और अखरोट शामिल करने चाहिए. इन सभी चीजों में प्रोटीन, फाइबर और अन्य जरूरी पोषक तत्व होते हैं. ये फूड्स आपको दिनभर एनर्जेटिक रखते हैं. लोगों को रोज ब्रेकफास्ट में अलग-अलग चीजें खानी चाहिए. रोज एक ही तरह का ब्रेकफास्ट करने से बचना चाहिए. वैरायटी रखने से लोगों को ज्यादा फायदा मिलेगा. आप सुबह उठने के 2 घंटे के अंदर ब्रेकफास्ट कर लें और पर्याप्त पानी भी पिएं.
ऐसे लोगों के लिए अंडा खाना नुकसानदायक?
डाइटिशियन रंजना सिंह ने बताया कि कई लोगों को अंडे से एलर्जी होती है. इससे त्वचा पर रैशेज, पेट दर्द या सांस लेने में दिक्कत हो सकती है. ऐसे लोगों को अंडा अवॉइड करना चाहिए. अंडे की जर्दी में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा ज्यादा होती है. ऐसे में जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल लेवल ज्यादा है, वे अंडा खाने से बचें. लिवर और किडनी के मरीजों को भी अंडा खाने से पहले अपने डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेनी चाहिए. अंडे में प्रोटीन और फास्फोरस होता है, जो इन ऑर्गन्स पर दबाव डाल सकता है. पाचन संबंधी समस्या वाले लोग, गैस, एसिडिटी या दस्त होने पर भी अंडे से बचें, क्योंकि यह पचने में भारी होता है और पेट खराब कर सकता है. हार्ट पेशेंट्स और स्किन डिजीज के मरीजों को ज्यादा अंडे से अवॉइड करना चाहिए.