Health Tips: आपके आंगन और बालकनी की खूबसूरती बढ़ाने के लिए गेंदे के फूल काम आते हैं लेकिन क्या आपको मालूम है कि ये फूल कई बीमारियों का रामबाण इलाज भी हैं. गेंदा के फूल, पत्ते और बीजों में विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन ई, कैल्शियम, मैग्नीशियम, जिंक, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो कई तरह की बीमारियों में लाभकारी माने जाते हैं.
सभी हिस्से सेहत के लिए उपयोगी
आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. बालेंद्र शेखर पटेल ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि गेंदा एक ऐसा पौधा है, जिसके लगभग सभी हिस्से सेहत के लिए उपयोगी होते हैं. डॉक्टर के अनुसार दांत दर्द की समस्या में गेंदे के पत्तों का काढ़ा काफी असरदार माना जाता है. इसके लिए 20 से 30 मिली पत्तों के काढ़े का दिन में दो बार सेवन करने या उससे कुल्ला करने से दांत दर्द में राहत मिल सकती है.
डॉ. पटेल मुताबिक, पाइल्स या बवासीर के मरीजों के लिए भी गेंदा फायदेमंद है. गेंदे के पत्तों को काली मिर्च के साथ पीसकर सेवन करने से बवासीर में आराम मिल सकता है. वहीं, गेंदे के फूलों को घी में भूनकर लेने से खूनी बवासीर और रक्तस्राव की समस्या में लाभ बताया जाता है। पत्तों का अर्क पीने से भी बवासीर में बहने वाला रक्त रुकने में मदद मिल सकती है.
पत्तों का रस भी फायदेमंद
चोट, मोच और सूजन में गेंदे के पंचांग (पत्ते, फूल, तना आदि) का रस निकालकर प्रभावित जगह पर लगाने से राहत मिलती है. इसके अलावा पत्तों का रस घाव पर लगाने से घाव भरने और रक्तस्राव रोकने में मदद मिल सकती है. खांसी और सांस से जुड़ी समस्याओं में भी गेंदे के फूल उपयोगी बताए गए हैं. फूलों के बीजों से बने चूर्ण को शक्कर और दही के साथ लेने से खांसी में आराम मिल सकता है.
फोड़े-फुंसी और स्किन प्रॉब्लम्स में भी गेंदा कारगर माना जाता है. गेंदे की पत्तियों के रस को मैदे के साथ मिलाकर प्रभावित स्थान पर लगाने से फोड़े-फुंसी में आराम मिल सकता है. कान दर्द की स्थिति में गेंदे की पत्तियों का रस दो बूंद कान में डालने से राहत की बात कही जाती है.
वहीं, डॉ. का कहना है कि गेंदे के फूल स्किन से जुड़ी कई समस्याओं में फायदेमंद हैं. फूलों की पंखुड़ियों को हल्दी के साथ मिलाकर लगाने से त्वचा संबंधी परेशानियों में लाभ मिल सकता है. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी घरेलू या आयुर्वेदिक उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
.