Last Updated:
Sweater Hygiene Tips: अधिकतर लोग एक ही स्वेटर को बिना धोए कई सप्ताह तक पहनते रहते हैं. हालांकि ऐसा करना सेहत के लिए ठीक नहीं होता है. एक्सपर्ट्स की मानें तो एक स्वेटर को 3 से 5 दिन तक पहनने के बाद धोना चाहिए. लंबे समय तक बिना धोए स्वेटर पहनने से त्वचा पर खुजली, एलर्जी और सांस से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं. सही देखभाल से स्वेटर लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और सेहत भी ठीक रहती है.
Sweater Care Tips: सर्दी से बचने के लिए सभी लोग स्वेटर का इस्तेमाल करते हैं. ठंड के मौसम में स्वेटर हमारे शरीर को प्रोटेक्ट करने में मदद करता है. सर्दियों में लोग एक ही स्वेटर को बार-बार पहन लेते हैं और कई दिनों तक पहनते हैं. कई लोग तो पूरे सीजन एक स्वेटर पहनते हैं और उसे धोते नहीं हैं. तमाम लोग यह नहीं जानते हैं कि एक स्वेटर को कितने दिनों तक पहनना सही है. अब सवाल उठता है कि क्या स्वेटर को रोज धोना जरूरी है या लंबे समय तक पहन सकते हैं? एक्सपर्ट से इससे जुड़े 5 रोचक तथ्य जान लेते हैं, ताकि सेहत को नुकसान न हो.
दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और सीनियर फिजीशियन ने बताया कि स्वेटर को रोज धोने की जरूरत नहीं होती है. अगर आप स्वेटर को सीधे स्किन पर नहीं पहनते और अंदर इनर या टी-शर्ट पहनते हैं, तो एक स्वेटर को 3 से 5 दिन तक आराम से पहना जा सकता है. ऊन और वूलन फैब्रिक में बदबू जल्दी नहीं आती, इसलिए इन्हें बार-बार धोना जरूरी नहीं माना जाता है. हालांकि एक सप्ताह स्वेटर यूज करने के बाद उसे धोना जरूरी होता है. महीनों तक एक ही स्वेटर पहनना सेहत के लिहाज से ठीक नहीं माना जाता है. इससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है.
डॉक्टर की मानें तो स्वेटर को लंबे समय तक बिना धोए पहनने से स्किन प्रॉब्लम्स हो सकती हैं. पसीना, धूल और त्वचा से निकलने वाला ऑयल स्वेटर में जमा हो जाता है. इससे खुजली, रैशेज़, एलर्जी या फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. जिन लोगों की स्किन सेंसिटिव है, उन्हें इस बात का खास खयाल रखना चाहिए. बिना धोए एक ही स्वेटर ज्यादा दिन पहनने से सिर्फ स्किन ही नहीं, बल्कि सांस से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं. गंदे स्वेटर में धूल और एलर्जन जमा हो जाते हैं, जो पहनने के दौरान सांस के जरिए शरीर में जा सकते हैं. इससे छींक, नाक बहना या अस्थमा जैसी परेशानी बढ़ सकती है.
आपको जानकर हैरानी होगी कि बहुत लंबे समय तक बिना धोए स्वेटर पहनने से उसकी क्वालिटी और लाइफ भी कम हो जाती है. पसीना और गंदगी कपड़े के रेशों को कमजोर कर देती है, जिससे स्वेटर जल्दी ढीला पड़ सकता है या बदबू पकड़ सकता है. सही अंतराल पर सफाई करने से स्वेटर ज्यादा समय तक नया बना रहता है. अगर आप रोज बाहर जाते हैं, ज्यादा पसीना आता है या धुएं-धूल वाली जगह पर रहते हैं, तो स्वेटर को 2 से 3 दिन में धोना बेहतर होता है. अगर इस्तेमाल कम करते हैं, तो स्वेटर 4 से 5 दिन तक पहनना सुरक्षित माना जा सकता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें