2026 टी20 वर्ल्ड कप के मैच भारत और श्रीलंका में खेले जाएंगे. भारत के पांच शहरों में मैच होंगे तो श्रीलंका के तीन वेन्यू पर मैच खेले जाएंगे. ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि आखिर 2026 टी20 वर्ल्ड कप का होस्ट नेशन यानी मेजबान देश कौन है? क्या 2026 टी20 वर्ल्ड कप हाइब्रिड मॉडल में खेला जा रहा है? क्या सिर्फ पाकिस्तान के मैच ही श्रीलंका में होंगे? यहां आपको इस तरह के सभी सवालों के जवाब मिल जाएंगे.
2026 टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से होगा. वहीं इस वैश्विक टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा. भारत और श्रीलंका दोनों संयुक्त रूप से 2026 टी20 वर्ल्ड कप के मेजबान देश हैं. क्रिकेट के इस महाकुंभ के सभी मैच मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, चेन्नई, दिल्ली, कोलंबो और कैंडी में खेले जाएंगे. इस बार इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है.
2026 टी20 वर्ल्ड कप में पहले दिन यानी 7 फरवरी को 3 मुकाबले खेले जाएंगे. पाकिस्तान का मैच नीदरलैंड्स से होगा. भारत का मुकाबला यूएसए से होगा और वेस्टइंडीज की टीम बांग्लादेश से भिड़ेगी. फिलहाल बांग्लादेश को लेकर एक नया विवाद खड़ा है. बांग्लादेश ने अपने मैच भारत से बाहर खेलने की मांग की है. अभी इस पर आईसीसी का जवाब नहीं आया है.
4 ग्रुप में बांटी गई 20 टीमें
ग्रुप ए- भारत, पाकिस्तान, यूएसए, नीदरलैंड्स और नामीबिया
ग्रुप बी- ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान
ग्रुप सी- इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल और इटली
ग्रुप डी- न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई
सिर्फ पाकिस्तान के मैच श्रीलंका में नहीं
कई लोग ऐसा समझ रहे थे कि सिर्फ पाकिस्तान की टीम ही श्रीलंका में अपने मैच खेलेगी. यहां हम आपको बता दें कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है. ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे मैच, श्रीलंका बनाम ओमान मैच, यूएसए बनाम नीदरलैंड्स मैच, आयरलैंड बनाम ओमान मैच, इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश मैच, भारत बनाम पाकिस्तान मैच, ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका मैच, आयरलैंड बनाम जिम्बाब्वे मैच, पाकिस्तान बनाम नामीबिया मैच, श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे मैच और ऑस्ट्रेलिया बनाम ओमान मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे. ये सभी मैच लीग स्टेज के हैं. इसके बाद सुपर-8 के कई मैच भी श्रीलंका में होंगे.
सेमीफाइनल और फाइनल का वेन्यू का पेंच
अगर सेमीफाइनल और फाइनल में पाकिस्तान की टीम क्वालीफाई करती है तो फिर सेमीफाइनल और खिताबी मैच श्रीलंका के कोलंबो में होगा. वहीं अगर सेमीफाइनल में पाकिस्तान नहीं होती है तो फिर दोनों सेमीफाइनल कोलकाता और मुंबई में खेले जाएंगे. वहीं फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा. अगर पाकिस्तान फाइनल में प्रवेश करता है तो फिर फाइनल श्रीलंका में ही खेला जाएगा.
.