Last Updated:
Bhopal sanatani cricket Match: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सनातनी क्रिकेट टूर्नामेंट लोगों का ध्यान खींच रहा है. यहां खिलाड़ी धोती-कुर्ता पहनकर क्रिकेट खेल रहे हैं. कमेंट्री हिंदी या अंग्रेजी में नहीं बल्कि संस्कृत में की जा रही है. 27 टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं, जिनमें वेदपाठी छात्र और संस्कृत विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हैं.
रिपोर्ट- शैलेंद्र सिंह, भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सनातनी क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है. खिलाड़ी धोती-कुर्ता पहनकर क्रिकेट खेल रहे हैं. देशभर के कई राज्यों से क्रिकेट टीम आई हैं. मजेदार बात यह है कि क्रिकेट टूर्नामेंट की कमेंट्री हिंदी-अंग्रेजी में नहीं बल्कि संस्कृत भाषा में की जा रही है. क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजनों का कहना है कि आमतौर पर यह माना जाता है कि क्रिकेट एक इंग्लिश खेल है और इसे लोअर और टीशर्ट जैसे परिधान में ही खेला जा सकता है लेकिन हम यह बताना चाहते हैं कि यह खेल किसी भी तरह के परिधान में खेला जा सकता है. हम लोग संस्कृत भाषा में इस आयोजन में कमेंट्री करते हैं ताकि लोग अपनी मूल भाषा को पहचान सकें क्योंकि हर भाषा का उद्गम संस्कृत भाषा से हुआ है.
खेल के मैदान में आमने-सामने 27 टीमें
परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पंडित विष्णु राजौरिया ने कहा कि इस अनोखे क्रिकेट टूर्नामेंट में 27 टीमें मैदान में आमने-सामने हैं. सभी टीमों में कर्मकांडी ब्राह्मणों के अलावा वेदपाठी और संस्कृत विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के छात्र हैं. इस क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन का यह छठवां साल है. इस आयोजन का मकसद है कि लोग संस्कृत के प्रति आकर्षित हों. यही वजह है कि कमेंट्री भी संस्कृत भाषा में की जा रही है. इस अनोखे क्रिकेट का दर्शक खूब लुत्फ उठा रहे हैं.
सनातनी क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच 9 जनवरी को खेला जाएगा. विजेता टीम को पुरस्कार के रूप में श्रीमद् भागवत गीता, रामचरित मानस और अन्य धार्मिक किताबें भेंट की जाएंगी. विजेता टीम को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सम्मानित करेंगे. विनर टीम को 21 हजार रुपये का नकद इनाम और रनर-अप टीम को 11 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.