iPhone वाले प्रोसेसर के साथ सस्ता MacBook, छात्रों के लिए बड़ी खबर, 2026 में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में ऐपल

ऐपल एक ऐसे नए MacBook पर काम कर रही है, जो अब तक के MacBooks के मुकाबले काफी सस्ता हो सकता है. रिपोर्ट्स की मानें तो यह लो-कॉस्ट MacBook साल 2026 की पहली छमाही में लॉन्च हो सकता है. अगर ऐसा होता है, तो यह ऐपल की लैपटॉप रणनीति में बड़ा बदलाव माना जाएगा, क्योंकि अभी MacBook Air की शुरुआती कीमत भी करीब 999 डॉलर है, जो कई यूज़र्स के बजट से बाहर हो जाती है.

लीक्स के मुताबिक इस नए MacBook में लगभग 13-इंच का डिस्प्ले दिया जा सकता है. यानी साइज के मामले में ऐपल ज्यादा कटौती नहीं करेगा. माना जा रहा है कि कंपनी जानबूझकर बहुत पतला डिजाइन नहीं अपनाएगी, क्योंकि अल्ट्रा-थिन बॉडी बनाने से लागत बढ़ती है और बैटरी के लिए भी जगह कम हो जाती है. ऐपल की पहचान अच्छी बैटरी लाइफ से जुड़ी रही है, इसलिए यहां बैलेंस रखा जा सकता है.

डिस्प्ले क्वालिटी में कुछ समझौते जरूर देखने को मिल सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें साधारण LCD पैनल होगा. यानी Mini-LED, HDR या 120Hz ProMotion जैसी प्रीमियम सुविधाएं नहीं मिलेंगी. ब्राइटनेस और कलर क्वालिटी MacBook Air या Pro जितनी नहीं होगी, लेकिन रोजमर्रा के कामों के लिए यह काफी मानी जा रही है.

डिजाइन के मामले में भी ऐपल कुछ अलग रास्ता अपना सकती है. चर्चा है कि इस MacBook को iMac जैसे ब्राइट कलर ऑप्शन्स में लाया जा सकता है, जैसे ब्लू, पिंक या येलो. कुछ रिपोर्ट्स तो यह भी कहती हैं कि लागत कम रखने के लिए बॉडी में प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जा सकता है, जैसा ऐपल ने पहले के MacBooks में किया था.

सबसे दिलचस्प बात इसका प्रोसेसर है. इस MacBook में A18 Pro चिप मिलने की उम्मीद है, जो iPhone 16 Pro में भी इस्तेमाल हो चुकी है. यह चिप काफी पावरफुल और एनर्जी एफिशिएंट मानी जाती है. रोजाना के काम जैसे इंटरनेट ब्राउज़िंग, डॉक्यूमेंट एडिटिंग, ऑनलाइन क्लास, फोटो एडिटिंग और हल्का वीडियो वर्क यह आराम से संभाल सकती है.

बैटरी लाइफ भी इसकी बड़ी ताकत हो सकती है. A18 Pro की एफिशिएंसी और 13-इंच बॉडी की वजह से यह MacBook Air जितनी या उससे बेहतर बैटरी दे सकता है.

कीमत को लेकर अभी पक्की जानकारी नहीं है, लेकिन रिपोर्ट्स कहती हैं कि यह $1,000 से काफी कम हो सकती है. अगर ऐसा हुआ, तो ये ऐपल का अब तक का सबसे किफायती लैपटॉप बन सकता है और छात्रों और आम यूज़र्स के लिए एक शानदार ऑप्शन साबित हो सकता है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *