Last Updated:
Brahmi Leaves Benefits: भागदौड़ भरी जिंदगी में सिर का भारीपन और दिमागी थकान आम समस्या बन गई है. आयुर्वेद में ब्राह्मी के पत्तों को दिमाग को ठंडक और शांति देने वाली जड़ी-बूटी माना गया है. ब्राह्मी का लेप सिर की गर्मी, मानसिक तनाव और बेचैनी को कम करने में मदद करता है और बिना साइड इफेक्ट राहत देता है. ब्राह्मी का नियमित उपयोग से शरीर को और भी कई तरह के फायदेमिलते हैं.
आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में सिर में भारीपन, लगातार तनाव और दिमागी थकान की समस्या आम होती जा रही है. लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप पर काम करना, नींद की कमी और मानसिक दबाव इसकी बड़ी वजह माने जाते हैं. ऐसे में लोग अक्सर दवाइयों का सहारा लेते हैं, लेकिन आयुर्वेद में एक ऐसा आसान और प्राकृतिक उपाय बताया गया है, जो बिना किसी साइड इफेक्ट के राहत दे सकता है. यह उपाय है ब्राह्मी के पत्तों का इस्तेमाल, जिसे दिमाग को शांत करने वाली जड़ी-बूटी कहा जाता है.

ब्राह्मी का नाम आते ही सबसे पहले दिमाग और मानसिक शांति का ख्याल आता है. ब्राह्मी के पत्ते ठंडी तासीर के होते हैं, जो सिर और दिमाग को ठंडक पहुंचाने में मदद करते हैं. जिन लोगों को अक्सर सिर भारी लगता है या दिमाग थका-थका सा महसूस होता है, उनके लिए ब्राह्मी का लेप बेहद फायदेमंद माना जाता है. यह न सिर्फ सिर की गर्मी को शांत करता है, बल्कि मानसिक बेचैनी को भी कम करता है.

ब्राह्मी लगाने से दिमाग को ठंडक मिलती है, जिससे सिर का भारीपन धीरे-धीरे कम होने लगता है. इसके नियमित उपयोग से मानसिक तनाव और घबराहट में भी राहत मिलती है. कई लोगों का कहना है कि ब्राह्मी लगाने के बाद उन्हें एकाग्रता बढ़ने का अनुभव होता है और काम में मन ज्यादा लगता है. इसके अलावा सिर हल्का और ताज़ा महसूस होता है, जिससे दिनभर की थकान भी कुछ हद तक दूर हो जाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

ब्राह्मी का इस्तेमाल करना भी काफी आसान है. इसके लिए सबसे पहले ताज़े ब्राह्मी के पत्ते लें और उन्हें साफ पानी से धो लें. इसके बाद पत्तों को अच्छी तरह पीसकर हरा लेप बना लें. इस लेप को सिर की त्वचा पर हल्के हाथों से लगाएं. ध्यान रखें कि लेप पूरे स्कैल्प पर समान रूप से लगे. इसे लगाने के बाद करीब 20 से 30 मिनट तक छोड़ दें.

निर्धारित समय के बाद सिर को सादे पानी से धो लें. इस प्रक्रिया को हफ्ते में 2 से 3 बार अपनाया जा सकता है. नियमित उपयोग से कुछ ही दिनों में सिर के भारीपन और मानसिक तनाव में फर्क महसूस होने लगता है. हालांकि, हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है, इसलिए असर भी अलग-अलग हो सकता है.

ब्राह्मी का उपयोग करते समय कुछ सावधानियां भी जरूरी है. बहुत अधिक ठंड के मौसम में इसका इस्तेमाल न करें. अगर सर्दी-जुकाम की समस्या है तो पहले उसे ठीक करें. पहली बार ब्राह्मी लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें, ताकि किसी तरह की एलर्जी या जलन की संभावना न रहे.