नए साल में जरूर करवाएं सेहत से जुड़े ये 5 टेस्ट, रिजल्ट बढ़िया आया, तो चैन से कटेगा साल 2026

New Year Health Tips: साल 2026 की शुरुआत हर कोई अपने अलग अंदाज में करना चाहता है. नए साल में लोग अपने करियर, हेल्थ, रिलेशनशिप समेत कई चीजों को लेकर रिजॉल्यूशन भी लेते हैं और इन्हें हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं. आजकल सेहत सभी के लिए प्रायोरिटी बन गई है, क्योंकि बीमारियों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो अगर आप स्वस्थ हैं, तब भी साल में एक बार हेल्थ चेकअप जरूर कराना चाहिए. नए साल की शुरुआत में ही अगर आप सेहत से जुड़ी जरूरी जांच करवा लेंगे, तो सालभर आपको हेल्थ की टेंशन नहीं रहेगी और चैन से आपका वक्त गुजरेगा.

नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ एंड वेलनेस डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने News18 को बताया कि नया साल सिर्फ जश्न मनाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी सेहत को लेकर अलर्ट होने का भी अच्छा मौका है. अक्सर हम तब डॉक्टर के पास जाते हैं, जब बीमारी पैदा हो जाती है. जबकि कई गंभीर बीमारियां चुपचाप शरीर में पनपती रहती हैं. अगर साल की शुरुआत में कुछ जरूरी हेल्थ टेस्ट करवा लिए जाएं, तो समय रहते बीमारियों के खतरे को टाला जा सकता है और पूरा साल मानसिक सुकून के साथ बिताया जा सकता है. इसके लिए आपको भारी-भरकम रकम भी खर्च नहीं करनी है.

नए साल में जरूर करवाएं ये 5 मेडिकल टेस्ट

ब्लड प्रेशर और शुगर टेस्ट : हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से दुनिया में सबसे ज्यादा लोग जूझ रहे हैं. भारत में करीब 10 करोड़ लोगों को डायबिटीज है और 22 करोड़ लोग हाई ब्लड प्रेशर के मरीज बन चुके हैं. देश में करोड़ों लोगों को यह पता ही नहीं है कि वे बीपी और शुगर के मरीज बन चुके हैं. नए साल में ये टेस्ट करवाकर आप हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी से जुड़ी समस्याओं के खतरे को काफी हद तक कम कर सकते हैं.

लिपिड प्रोफाइल टेस्ट : इस टेस्ट को बोलचाल में कोलेस्ट्रॉल टेस्ट भी कहा जाता है. आज के जमाने में तेजी से बदलती लाइफस्टाइल, जंक फूड का ज्यादा सेवन और कम फिजिकल एक्टिविटी से कोलेस्ट्रॉल तेजी से बढ़ रहा है. कोलेस्ट्रॉल ज्यादा हो जाए, तो हार्ट अटैक और स्ट्रोक की वजह बन सकता है. ऐसे में आपको साल में एक बार लिपिड प्रोफाइल टेस्ट जरूर कराना चाहिए, ताकि हार्ट के मरीज बनने से बचा जा सके.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

लिवर फंक्शन टेस्ट : लिवर से जुड़ी बीमारियां भी तेजी से बढ़ रही हैं. शराब का ज्यादा सेवन, फैटी फूड और दवाइयों का ज्यादा इस्तेमाल लिवर को नुकसान पहुंचा रहा है. कई बार लिवर की बीमारी शुरुआती स्टेज में बिना लक्षण के पैदा होती है. ऐसे में नए साल में LFT करवाने से फैटी लिवर, हेपेटाइटिस या लिवर डैमेज का वक्त रहते पता चल सकता है.

किडनी फंक्शन टेस्ट : किडनी हमारे शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने का काम करती है. डायबिटीज, हाई बीपी और पेनकिलर्स का ज्यादा सेवन किडनी को धीरे-धीरे कमजोर कर सकता है. ऐसे में किडनी की मॉनिटरिंग करना भी जरूरी है. किडनी की सेहत का पता लगाने के लिए रीनल फंक्शन टेस्ट करवा सकते हैं. इस टेस्ट से क्रिएटिनिन और यूरिया लेवल का पता चलता है, जिससे किडनी की सेहत का सही आकलन हो पाता है.

थायराइड प्रोफाइल टेस्ट : थायराइड की समस्या भी काफी बढ़ रही है. कम उम्र के लोग भी इसका शिकार हो रहे हैं. थायराइड प्रॉब्लम होने पर वजन बढ़ना या घटना, थकान, बाल झड़ना और मूड स्विंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं. खासतौर पर महिलाओं में यह समस्या ज्यादा देखी जाती है. नए साल की शुरुआत में थायराइड टेस्ट करवा लेने से हार्मोनल गड़बड़ियों को कंट्रोल में रखा जा सकता है.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *