पटना. इंटरव्यू में जाते समय अभ्यर्थियों का लुक कैसा होना चाहिए, इसपर लोकल 18 ने पटना के चर्चित बीपीएससी मेंटर और पटना साइंस कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अखिलेश कुमार से बातचीत की. उन्होंने बताया कि इंटरव्यू के दौरान फॉर्मल पैंट शर्ट में जाना अच्छा रहेगा. अगर ठंड के दिन रहे तो ब्लेजर पहनना बेस्ट रहेगा. कंफर्टेबल हों तो टाई भी पहन सकते हैं. इसके अलावा, उन्होंने दाढ़ी और हेयरस्टाइल को लेकर भी कई टिप्स दिए. आपको बता दें कि डॉ. अखिलेश कुमार स्वयं डीएसपी के पद पर भी कार्य कर चुके हैं. पिछले कई साल से बीपीएससी के छात्रों का मार्गदर्शन करते हैं. ऐसे में उनका अनुभव अभ्यर्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है.
पिछले दिनों, बीपीएससी ने 70वीं संयुक्त मुख्य (मेंस) प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. इस परीक्षा में 5,401 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. ये सभी अभ्यर्थी अब इंटरव्यू में भाग लेंगे. इसके बाद फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार होगी. इंटरव्यू 120 अंकों का होगा. आपको बता दें कि बीपीएससी 70वीं मेंस परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक पटना के 32 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था. परीक्षा में कुल 20,034 उम्मीदवार शामिल हुए थे. इसमें 5,401 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. इंटरव्यू की तारीखें जल्द ही जारी की जाएगी.
इंटरव्यू में जाते समय कैसा होना चाहिए लुक
डॉ. अखिलेश कुमार ने लोकल 18 के जरिए इंटरव्यू की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स को बताया कि 70वीं बीपीएससी इंटरव्यू में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए लुक और प्रेजेंटेशन का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी है. इंटरव्यू के लिए फॉर्मल कपड़े पहनना सबसे बेस्ट माना जाता है. कपड़ों में हल्का और गहरे रंग का कंट्रास्ट अच्छा प्रभाव डालता है, जैसे हल्के रंग की शर्ट के साथ गहरे रंग की पैंट. शर्ट अच्छी तरह प्रेस की हुई होनी चाहिए और उसके साथ ब्लैक या डार्क ब्राउन बेल्ट और फीतों वाले साफ-सुथरे फॉर्मल जूते पहनने चाहिए. अगर टाई पहनने में कंफर्टेबल महसूस करते हैं तो टाई पहन सकते हैं, वरना इसे छोड़ना भी गलत नहीं है. चूंकि यह विंटर सीजन है, इसलिए सूट या ब्लेजर पहनना एक बेहतर और प्रोफेशनल ऑप्शन हो सकता है.
दाढ़ी और हेयर स्टाइल को लेकर क्या है टिप्स
उन्होंने बताया कि आजकल दाढ़ी रखने का ट्रेंड चल रहा है. अगर आप भी दाढ़ी रखते हैं तो वह अच्छी तरह ट्रिम होनी चाहिए, और अगर दाढ़ी नहीं रखते हैं तो क्लीन शेव होकर जाना बेहतर रहेगा. बाल ठीक से कटे और सलीके से सेट होने चाहिए. मेसी हेयर अच्छा नहीं माना जाता.
इन बातों का भी रखें ध्यान
उन्होंने आगे बताया कि इंटरव्यू के दौरान केवल पहनावा ही नहीं, बल्कि बॉडी लैंग्वेज भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है. कुर्सी पर सीधे और संतुलित होकर बैठना चाहिए. बार-बार हिलने-डुलने या घबराहट दिखाने से बचना चाहिए. बोर्ड के जिस सदस्य द्वारा सवाल पूछा जा रहा हो, उनसे आंखों में आंखें डालकर बात करनी चाहिए. इससे आत्मविश्वास झलकता है. चेहरे के भाव सामान्य और शांत रखें साथ ही बातचीत के दौरान संयम बनाए रखें.
सवालों को ध्यान से सुनना इंटरव्यू का सबसे अहम हिस्सा होता है. अगर सवाल ठीक से नहीं सुना गया तो जवाब गलत दिशा में जा सकता है. बार-बार सवाल दोहराने के लिए कहना अच्छा नहीं माना जाता, इसलिए पूरी कंसंट्रेशन के साथ प्रश्न सुनें. कई बार ब्रेन ट्रिगरिंग या घुमाकर पूछे गए सवाल भी किए जाते हैं, ऐसे में घबराने के बजाय शांत दिमाग से सोचकर जवाब देना चाहिए. हर सवाल का उत्तर देने से पहले कुछ सेकंड सोच लेना बेहतर होता है.
जवाब देते समय बार-बार अपना उत्तर बदलने से बचना चाहिए और बिना सोचे-समझे कोई भी जवाब नहीं देना चाहिए. अगर किसी सवाल का उत्तर नहीं आता है तो उसे ईमानदारी और विनम्रता से स्वीकार करना बेहतर होता है. इंटरव्यू में आत्मविश्वास, शालीनता और स्पष्ट सोच का संतुलन बनाए रखना ही सफलता की कुंजी माना जाता है.
.