दतिया जिले की भांडेर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बागपुरा में सोमवार को सरपंच पद के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जिसमें पंचायत के 1500 से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
.
उपचुनाव को लेकर गांव में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासनिक अमला और पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
रविवार को ही पूरा चुनावी अमला बागपुरा पहुंच गया था। मतदान से एक दिन पहले पुलिस प्रशासन ने गांव में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की।
सरपंच पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में
इस उपचुनाव में सरपंच पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भरत शर्मा, गिरवर राजपूत और सावित्री राजपूत शामिल हैं। तीनों प्रत्याशी बीते कई दिनों से मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाते रहे। चुनाव प्रचार के दौरान गांव में राजनीतिक सरगर्मी बनी रही, हालांकि प्रशासन की सख्ती से आचार संहिता का पालन कराया गया।
अविश्वास प्रस्ताव के बाद खाली हुआ था सरपंच पद
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत बागपुरा की तत्कालीन सरपंच पुष्पादेवी के खिलाफ स्थानीय पंचों ने विकास कार्य नहीं कराने और लापरवाही के आरोप लगाए थे। इसके बाद पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, जिसे बहुमत से पारित कर दिया गया। इसके चलते पुष्पादेवी को सरपंच पद से हटा दिया गया था।
उपसरपंच को मिला था अतिरिक्त प्रभार
सरपंच पद रिक्त होने के बाद प्रशासन ने उपसरपंच ओमप्रकाश राजपूत को सरपंच पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा था। इसके बाद पंचायत में उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई, जो अब मतदान तक पहुंच चुकी है।
तहसीलदार बोले- निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव प्राथमिकता
भांडेर तहसीलदार सुनील कुमार भदौरिया ने बताया, “उपचुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त कर्मचारी और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए।”