माउंट किलिमंजारो: अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी पर हादसा, जान बचाने गया हेलिकॉप्टर क्रैश, विदेशी टूरिस्ट समेत 5 मरे

Last Updated:

हेलिकॉप्टर उड़ा रहा पायलट भी इस हादसे में नहीं बच सका.

तंजानिया. अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां बुधवार शाम एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है. पुलिस के मुताबिक, यह हेलिकॉप्टर एक रेस्क्यू मिशन पर था और पहाड़ पर फंसे मरीजों को लाने गया था. लेकिन तकदीर को कुछ और ही मंजूर था. मरने वालों में दो विदेशी पर्यटक, एक स्थानीय डॉक्टर, एक टूर गाइड और पायलट शामिल हैं. यह हादसा 4,000 मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर हुआ. तंजानिया पुलिस ने शवों को बरामद कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. किलिमंजारो पर ऐसे हादसे बेहद दुर्लभ माने जाते हैं, जिससे यह घटना और भी चौंकाने वाली है.

बराफू कैंप और किबो समिट के बीच हादसा: यह दुर्घटना पहाड़ के सबसे लोकप्रिय टूरिस्ट रूट पर हुई. हादसा बराफू कैंप और किबो समिट के बीच हुआ. उस वक्त हेलिकॉप्टर 4,000 मीटर (13,100 फीट) से ज्यादा की ऊंचाई पर था. किलिमंजारो रीजनल पुलिस कमांडर साइमन मैगवा ने बताया कि हेलिकॉप्टर किलिमंजारो एविएशन कंपनी का था. यह कंपनी मेडिकल इवेक्यूएशन की सर्विस देती है. अभी तक कंपनी ने हादसे पर कोई बयान नहीं दिया है.

जिंदगी बचाने गए थे, खुद गंवा दी जान: पुलिस ने बताया कि हेलिकॉप्टर मेडिकल इवेक्यूएशन यानी मरीजों को लाने गया था. हेलिकॉप्टर ने मरीजों को पिक कर लिया था. मरने वालों में वही दो विदेशी नागरिक थे जिन्हें रेस्क्यू किया गया था. उनके अलावा हेलिकॉप्टर में एक स्थानीय डॉक्टर और एक टूर गाइड भी मौजूद थे. हेलिकॉप्टर उड़ा रहा पायलट भी इस हादसे में नहीं बच सका. सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

17 साल बाद पहाड़ पर ऐसा खौफनाक मंजर: माउंट किलिमंजारो पर विमान हादसे बहुत कम होते हैं. इससे पहले आखिरी बड़ा हादसा नवंबर 2008 में दर्ज किया गया था. तब चार लोगों की मौत हुई थी. पुलिस अभी इस क्रैश के कारणों की जांच कर रही है. अभी यह साफ नहीं है कि मौसम खराब था या हेलिकॉप्टर में कोई तकनीकी खराबी आई थी. पुलिस ने कहा है कि जल्द ही और जानकारी साझा की जाएगी.

About the Author

Rakesh Ranjan Kumar

राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

homeworld

अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी पर हादसा, जान बचाने गया हेलिकॉप्टर क्रैश, 5 मरे

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *