कालीन को शाही बनाने के चक्कर में न कर बैठें ये सफाई की बड़ी गलतियां, वरना फीका पड़ जाएगा रॉयल लुक

Carpet Cleaning Tips: आज के समय में घर की सजावट सिर्फ दीवारों और फर्नीचर तक सीमित नहीं रह गई है. लोग अब अपने घर को रॉयल और क्लासी लुक देने के लिए कालीन का इस्तेमाल खूब कर रहे हैं. खासकर मोटी, विंटेज डिजाइन वाली या हाथ से बुनी कालीन किसी भी आम कमरे को शाही एहसास दे देती हैं. मेहमान आते ही सबसे पहले नजर उसी पर जाती है. लेकिन जितनी खूबसूरत कालीन दिखती है, उसकी देखभाल उतनी ही नाजुक होती है. अकसर देखा गया है कि कालीन पर कुछ गिरते ही लोग घबरा जाते हैं और तुरंत साबुन, डिटर्जेंट या तेज केमिकल लगा देते हैं. यहीं सबसे बड़ी गलती हो जाती है. गलत तरीके से सफाई करने पर कालीन के रेशे झड़ने लगते हैं, रंग फीका पड़ जाता है और कुछ ही समय में उसकी पूरी शान खत्म हो जाती है. कई बार तो कालीन इतनी खराब हो जाती है कि उसे बदलने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता. असल में समस्या ये नहीं है कि कालीन गंदी हो गई, बल्कि दिक्कत ये है कि उसे साफ करने का सही तरीका लोगों को पता नहीं होता. हर दाग एक जैसा नहीं होता और हर कालीन पर एक ही उपाय काम नहीं करता. अच्छी बात ये है कि अगर थोड़ी समझदारी और सही घरेलू तरीकों का इस्तेमाल किया जाए, तो कालीन लंबे समय तक नई जैसी बनी रह सकती है, बिना रेशे झड़े और बिना खर्च बढ़ाए.

1. कालीन की सफाई में सबसे आम गलतियां
सबसे पहले जरूरी है ये जानना कि लोग गलती कहां करते हैं. कई लोग दाग लगते ही जोर-जोर से रगड़ने लगते हैं. इससे दाग अंदर तक बैठ जाता है और रेशे टूटने लगते हैं. कुछ लोग रोजाना पानी डालकर धो देते हैं, जिससे नमी बनी रहती है और बदबू आने लगती है. वहीं कुछ लोग हार्ड केमिकल का इस्तेमाल करते हैं, जो रंग को नुकसान पहुंचाता है.

इन गलतियों से बचना ही कालीन को लंबे समय तक अच्छा बनाए रखने का पहला कदम है.

2. कालीन पर कुछ गिर जाए तो सबसे पहले क्या करें
अगर आपके कालीन पर चाय, कॉफी, ग्रेवी या कोई भी चीज गिर जाए, तो सबसे पहले घबराएं नहीं. तुरंत डीप क्लीन करने की सोच मत बनाइए. एक साफ टिशू पेपर या सूखे कपड़े से दाग को हल्के हाथ से थपथपाकर सोख लें. ध्यान रखें कि रगड़ना बिल्कुल नहीं है. जितना ज्यादा तरल आप शुरुआत में सोख लेंगे, उतना ही दाग हल्का रहेगा और बाद में निकालना आसान होगा.

3. ताजे ऑयली या लिक्विड दाग के लिए सोडा वॉटर
सोडा वॉटर कालीन की सफाई में काफी काम का माना जाता है. इसमें मौजूद गैस दाग को ढीला करने में मदद करती है. चाय, कॉफी, जूस या वाइन जैसे दागों पर सोडा वॉटर अच्छा असर दिखाता है.

कैसे इस्तेमाल करें:
थोड़ा सा सोडा वॉटर दाग पर डालें और साफ कपड़े से हल्के हाथ से दबाएं. कुछ देर बाद दाग हल्का होने लगेगा. इसके बाद कालीन को अच्छी तरह सूखने दें. जरूरत पड़े तो बाद में ड्राई क्लीन करवा सकते हैं.

4. जिद्दी दागों के लिए बेकिंग सोडा और सफेद सिरका
अगर कालीन पर जूतों की गंदगी, कीचड़ या पुराने दाग जम गए हों, तो बेकिंग सोडा और सफेद सिरका अच्छा उपाय है. ये दाग को नरम कर देता है, जिससे सफाई आसान हो जाती है.

कैसे करें:
बेकिंग सोडा और सफेद सिरका मिलाकर हल्का सा पेस्ट बनाएं. दाग वाली जगह पर इसे लगाएं और सूखने दें. सूखने के बाद हल्के ब्रश या वैक्यूम से साफ कर लें. इससे रेशों को नुकसान भी नहीं होता.

5. तेल और ग्रीस के दाग हटाने का आसान तरीका
तेल के दाग कालीन के लिए सबसे मुश्किल माने जाते हैं. ऐसे में पानी डालना गलती हो सकती है.
पहले दाग को टिशू से दबाकर जितना हो सके तेल सोख लें. फिर उस जगह पर कॉर्नस्टार्च या बेकिंग सोडा छिड़क दें. ये तेल को अपने अंदर खींच लेता है. कुछ घंटे बाद वैक्यूम क्लीनर से साफ कर दें. दाग काफी हद तक हल्का हो जाएगा.

6. वैक्यूम क्लीनिंग क्यों है जरूरी
सिर्फ दाग हटाना ही काफी नहीं होता. हफ्ते में कम से कम दो बार वैक्यूम क्लीनर से कालीन की सफाई करनी चाहिए. इससे धूल, मिट्टी और छोटे कण बाहर निकल जाते हैं और रेशे लंबे समय तक मजबूत बने रहते हैं. ध्यान रखें कि वैक्यूम करते समय बहुत तेज सेटिंग न रखें.

7. किसी भी घोल को पहले टेस्ट करना न भूलें
कोई भी घरेलू या बाजार का घोल इस्तेमाल करने से पहले उसे कालीन के किसी छिपे हुए कोने पर लगाकर देख लें. इससे आपको पता चल जाएगा कि रंग या रेशों पर कोई बुरा असर तो नहीं पड़ रहा. हर कालीन एक जैसी नहीं होती, इसलिए सावधानी बहुत जरूरी है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *