Last Updated:
हमारे देश के लोग आज भी आयुर्वेद पर गहरा विश्वास रखते हैं, क्योंकि आयुर्वेद में हर मर्ज का इलाज मौजूद है. ऐसी ही एक औषधि है पान का पत्ता, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिनके नियमित और सही उपयोग से शरीर को कई रोगों से राहत मिल सकती है. आइए जानते है इसके फायदे…
वैसे तो पान के पत्ते का उपयोग हमारे देश में धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ में सदियों से होता रहा है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि पान का पत्ता केवल परंपरा तक सीमित नहीं है. यह स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी माना जाता है. आयुर्वेद में पान के पत्ते को कई गंभीर बीमारियों के उपचार में प्रभावी बताया गया है. इसमें मौजूद विभिन्न औषधीय तत्व शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं. यह पूरे साल आसानी से हर जगह उपलब्ध होता है और पान का नियमित और सही उपयोग स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं से राहत दिला सकता है.

जिला अस्पताल बाराबंकी के चिकित्सक डॉ. अमित वर्मा (एमडी मेडिसिन) ने बताया कि पान एक औषधीय पौधा है और इसके पत्ते व डंठल स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हैं. इसमें प्रोटीन, वसा, खनिज, फाइबर, कार्बोहाइड्रेट, पोटेशियम, कैल्शियम, विटामिन C जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो हमारे शरीर के लिए अत्यंत लाभकारी माने जाते हैं और हमें कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं.

बालों की समस्याओं में पान के पत्ते बेहद फायदेमंद हैं. नियमित रूप से पान के पत्तों का सेवन करने से बालों की ग्रोथ तेजी से होती है और बालों के झड़ने की समस्या भी कम होती है. इसके अलावा, यह बालों की चमक बढ़ाने, उन्हें घना और लंबा बनाने में मदद करता है. पान के पत्तों के उपचारात्मक गुण खुजली, रूसी और दोमुंहे बालों के इलाज में भी लाभकारी साबित होते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जोड़ों के दर्द से राहत: पान के पत्तों में सूजन-रोधी तत्व पाए जाते हैं, जो जोड़ों में होने वाली तकलीफ और दर्द को काफी हद तक कम करते हैं. ताजे पान के पत्तों को गर्म करके प्रभावित हड्डियों और जोड़ों के चारों ओर बांधने से दर्द और सूजन में राहत मिलती है और अर्थराइटिस के लक्षणों को कम करने में मदद मिलती है.

ब्लड शुगर नियंत्रण में फायदेमंद: पान की पत्तियां हाई ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में मदद कर सकती हैं. यदि आप पान की पत्तियों का रस निकालकर नियमित रूप से सेवन करते हैं, तो इसमें मौजूद एंटी डायबिटिक गुण आपके ब्लड शुगर के लेवल को कम करने में सहायक होते हैं.

सर्दी और खांसी में फायदेमंद: अक्सर सर्दी-खांसी के दौरान छाती और फेफड़ों में परेशानी हो जाती है, और कभी-कभी श्वसन से संबंधित समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं. इस दौरान पान के पत्तों पर सरसों का तेल लगाकर उन्हें गर्म किया जाता है और फिर ग्रसित व्यक्ति की छाती पर रखा जाता है. ऐसा करने से सर्दी-खांसी में काफी राहत मिलती है.

कब्ज की समस्या में फायदेमंद: पान का पत्ता शरीर में सामान्य पीएच स्तर को बहाल करता है और पेट की खराबी में मदद करता है. कब्ज से राहत के लिए पान के पत्तों को पीसकर रात भर पानी में भिगो दें. सुबह खाली पेट इसका पानी पीने से मल त्याग में आसानी होती है.