Winter Laziness Tips : सर्दियों में क्यों बढ़ जाती है सुस्ती? विंटर लेजीनेस दूर करने के आसान हैं ये 10 टिप्स

जैसे ही सर्दियों का मौसम आता है, बहुत से लोग शरीर में सुस्ती और आलस की शिकायत करने लगते हैं. सुबह बिस्तर छोड़ने का मन नहीं करता, दिनभर थकान बनी रहती है, काम में मन नहीं लगता और मूड भी थोड़ा ऑफ-सा रहता है. क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? यह सिर्फ ठंड का असर नहीं, बल्कि हमारे शरीर की एक नेचुरल बायोलॉजिकल प्रतिक्रिया है, जो कम धूप, ठंडे मौसम और हार्मोनल बदलावों से जुड़ी होती है.

आखिर सर्दियों में इतना आलस क्यों आता है?
दैनिकभास्‍कर की एक खबर में डॉ. निश्मिता आर.(कंसल्टेंट,इंटरनल एंड जेरियाट्रिक मेडिसिन, स्पर्श हॉस्पिटल, बेंगलुरु) ने बताया कि ठंड, कम धूप और लाइफस्टाइल में आए बदलाव इसका सबसे बड़ा कारण होते हैं. सर्दियों में दिन छोटे हो जाते हैं और धूप कम मिलती है. ऐसे में शरीर ज्यादा मात्रा में “मेलाटोनिन” नाम का स्लीप हार्मोन बनाने लगता है, जिससे नींद और सुस्ती बढ़ जाती है. वहीं धूप की कमी से सेरोटोनिन भी कम हो जाता है, जो हमारे मूड और एनर्जी को कंट्रोल करता है.

विटामिन-D की कमी भी बनती है वजह
धूप कम मिलने से शरीर में विटामिन-D की कमी हो जाती है. इसका सीधा असर थकान, कमजोरी और मांसपेशियों के दर्द के रूप में दिखता है. यही वजह है कि सर्दियों में शरीर जल्दी थक जाता है.

ठंड में कम हो जाती है एक्टिविटी
लोग ज्यादातर घर के अंदर रहना पसंद करते हैं. वॉक, एक्सरसाइज और फिजिकल मूवमेंट कम होने से मेटाबॉलिज्म भी स्लो हो जाता है, जिससे शरीर सुस्त महसूस करने लगता है.

क्या ये SAD तो नहीं?
हल्की सुस्ती और आलस होना नॉर्मल है, लेकिन अगर लगातार उदासी, बहुत ज्यादा नींद, काम में बिल्कुल मन न लगना और लोगों से दूरी बनाने का मन करे, तो ये सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर यानी SAD भी हो सकता है. ऐसे में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

सर्दियों में एक्टिव रहने के आसान तरीके-

अगर ठंड की वजह से बाहर जाना मुश्किल लगता है, तो घर के अंदर ही हल्की एक्सरसाइज करें. जैसे योग, स्ट्रेचिंग, सूर्य नमस्कार, स्पॉट जॉगिंग या फिर म्यूजिक लगाकर थोड़ा डांस ही कर लें. इससे शरीर भी गर्म रहेगा और मूड भी अच्छा होगा.

डाइट का रखें खास ध्यान
सर्दियों में गर्म और पौष्टिक खाना बेहद जरूरी है. सूप, दलिया, सब्जियां, फल, ड्राई फ्रूट्स, दूध और घी को डाइट में शामिल करें. साथ ही पानी पीना न भूलें, क्योंकि ठंड में प्यास कम लगती है लेकिन शरीर को पानी उतना ही चाहिए.

विंटर लेजीनेस भगाने के 10 झटपट टिप्स-
-रोज 15–20 मिनट धूप में बैठें, इससे विटामिन-D और एनर्जी मिलती है.
-सुबह देर तक बिस्तर में न रहें, समय पर उठने से सुस्ती कम होती है.
-हल्की एक्सरसाइज या योग करें, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर रहता है.
-रात में मोबाइल देर तक न चलाएं, अच्छी नींद जरूरी है.
-हेल्दी और गर्म खाना खाएं, शरीर को अंदर से गर्मी मिलती है.
-दिन में छोटी वॉक जरूर करें, चाहे घर के अंदर ही क्यों न हो.
-पानी भरपूर पिएं, ठंड में भी हाइड्रेशन जरूरी है.
-रोज का फिक्स रूटीन बनाएं, बॉडी क्लॉक सही रहती है.
-पॉजिटिव सोच रखें, अच्छा मूड आलस को दूर रखता है.
-ज्यादा थकान लगे तो विटामिन-D की जांच जरूर कराएं.

कब डॉक्टर के पास जाएं?
अगर 2-3 हफ्तों तक थकान कम न हो, हर वक्त लो फील करें या नींद से जुड़ी दिक्कत बढ़ जाए, तो डॉक्टर से मिलना बेहतर है.

थोड़ी सी समझदारी और छोटे बदलावों से आप सर्दियों की इस सुस्ती को आसानी से हरा सकते हैं और पूरे मौसम एनर्जेटिक बने रह सकते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.
Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *