पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
कटनी की ढीमरखेड़ा पुलिस ने शनिवार को अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कुल 5 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा और एक बाइक जब्त की गई है। दोनों आरोपियों पर मामला
.
पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा को झिन्नापिपरिया क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने चंढी माता मंदिर के पास घेराबंदी की।
इसी दौरान ग्राम झिन्नापिपरिया की ओर से एक युवक सफेद-काले रंग की होंडा सीडी 100 बाइक पर आता दिखा, जिसकी पेट्रोल टंकी पर सफेद प्लास्टिक की बोरी रखी थी। पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगा, जिसे टीम ने तत्परता से पकड़ लिया।
बोरी से 2 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बृजभान (25), पिता अमर सिंह परस्ते, निवासी मखडार, थाना कुंडम, जिला जबलपुर बताया। तलाशी लेने पर बोरी से 2 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और बाइक जब्त कर ली है।
ग्राम खमतरा से एक आरोपी पकड़ाया
इसी कड़ी में दूसरी कार्रवाई ग्राम खमतरा में की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि बिचुआ मोड़ मेनरोड पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को घेरा।
उसके पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी ली गई, जिसमें से 3 किलो 100 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान पंचम (46 वर्ष), पिता अमर सिंह, निवासी ग्राम जामूनचुआ, थाना ढीमरखेड़ा के रूप में हुई है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। निरीक्षक अभिषेक चौबे ने बताया कि दोनों ही प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने कुल 5.5 किलो गांजा जब्त किया है।