छिंदवाड़ा जिले के श्रीवास्तव कॉलोनी निवासी युवा कलाकार राहुल केशव ने मुंबई में संघर्ष और मेहनत के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। राहुल बीते 6 सालों से मुंबई में रहकर अभिनय की दुनिया में सक्रिय है और लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स में काम कर जिले का नाम रोशन
.
हाल ही में राहुल केशव का नया एल्बम दर्शकों के सामने आया है, जो टी-सीरीज़ और प्रार्थना प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रस्तुत किया गया है। यह एल्बम “सनातन की ध्वनि” श्रृंखला से जुड़ा हुआ है, जिसमें राहुल ने श्रीराम का पावन किरदार निभाया है।
एल्बम में श्री राम की भूमिका में राहुल
इस प्रोजेक्ट में भजन “केवट ने कहा रघुराई से” को गायक ऋषि सिंह ने गाया है। इसके बोल मोहित बाजपेयी ने लिखे हैं, जबकि संगीत निर्देशन की जिम्मेदारी अंकित–चेतन की जोड़ी ने संभाली है।
वहीं वीडियो मनोज मुंतशिर शुक्ला ने प्रजेंट किया है। वीडियो में श्रीराम की भूमिका में कलाकार राहुल केशव नजर आ रहे हैं। इस प्रोजेक्ट का निर्माण भूषण कुमार और नीलम मुंतशिर ने किया है, जबकि इसे मनोज मुंतशिर एंटरटेनमेंट प्रा. लि. (MME) के बैनर तले प्रस्तुत किया गया है।
इसके अलावा राहुल केशव के पिछले और आगामी प्रोजेक्ट्स भी काफी चर्चित रहे हैं। वे साउथ सुपरस्टार मोहनलाल अभिनीत फिल्म “वृषभ” में राजा की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जिसकी रिलीज़ डेट 25 दिसंबर 2025 तय की गई है।

प्रसिद्ध लेखक मनोज मुन्तसिर ने खुद गाया है गीत
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी राहुल की मजबूत मौजूदगी रही है। कुकू टीवी की वेब सीरीज़ “सेवियर पिया” में उन्होंने डॉ. सुशांत का किरदार निभाया। इसके साथ ही वे Amazon MX Player, Vaha Flix सहित कई अन्य प्रोजेक्ट्स में भी काम कर चुके हैं।
छिंदवाड़ा जैसे छोटे शहर से निकलकर मुंबई की चकाचौंध भरी इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना आसान नहीं होता, लेकिन राहुल केशव ने अपने अभिनय, समर्पण और निरंतर मेहनत से यह साबित कर दिया है कि सपने बड़े हों तो मंज़िल जरूर मिलती है। राहुल की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे छिंदवाड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है।