मछली पकड़ने निकले थे बाप-बेटे, बॉन्डी बीच पर बिछा दी 16 लाशें- 10 अपडेट

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी बीच पर हुए भयावह आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को हिला दिया. हनुक्का उत्सव के दौरान एक छोटे से पार्क में जुटे करीब 1,000 यहूदियों पर दो हमलावरों ने रविवार शाम अंधाधुंध गोलीबारी कर दी. इस हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 जा पहुंची है और 40 अन्य घायल हुए है. सिडनी पुलिस के मुताबिक, पीड़ितों की उम्र 10 से 87 वर्ष के बीच है, जिसमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं. इस हमले में दो पुलिस अधिकारी भी गंभीर रूप से घायल हैं.

वहीं पुलिस ने एक हमलावर को मार गिराया, जबकि दूसरा पकड़ा गया है. पता चला है कि ये दोनों बाप-बेटे हैं, जो मछली पकड़ने के बहाने समुद्र तट आए थे और वहां ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी. यह हमला करीब 10 मिनट चला, जिसमें हमलावरों ने बोल्ट-एक्शन राइफल और शॉटगन का इस्तेमाल किया. इस आतंकी हमले के बाद पूरे ऑस्ट्रेलिया में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं यहूदी इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

चलिये इस भयावह आतंकी हमले से जुड़े 10 लेटेस्ट अपडेट्स पर नजर डालते हैं…

1. मरने वालों की संख्या 16 हुई

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हुए भीषण आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. पुलिस के अनुसार, हमले में मारे गए लोगों में महिलाएं, बुज़ुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं. घायलों में से कई की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

2. पिता-पुत्र निकले हमलावर

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हमले को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी रिश्ते में बाप-बेटा थे. 50 वर्षीय साजिद अकरम और उसका 24 वर्षीय बेटा नावीद अकरम यहूदी समुदाय के हनुक्का कार्यक्रम को निशाना बनाकर गोलीबारी करने पहुंचे थे. यह हमला सुनियोजित और टारगेटेड बताया जा रहा है.

3. पिता की मौके पर मौत, बेटा गिरफ्तार

हमले के दौरान 50 वर्षीय पिता साजिद अकरम मारा गया. उसका बेटा नावीद अकरम घायल अवस्था में पकड़ा गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह पुलिस निगरानी में है. ये दोनों पाकिस्तानी मूल के बताए जा रहे हैं.

4. ऑस्ट्रेलिया सरकार पर भड़के नेतन्याहू

हमला हनुक्का (Hanukkah) के जश्न के दौरान किया गया, जिसमें करीब 1000 लोग शामिल थे. इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, ‘लगभग 4 महीने पहले 17 अगस्त को मैंने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बानीज़ को एक पत्र भेजा था, जिसमें मैंने उन्हें चेतावनी दी थी कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार की नीति ऑस्ट्रेलिया में यहूदी विरोधी भावना को बढ़ावा दे रही है और प्रोत्साहित कर रही है.

5. 10 मिनट तक चली अंधाधुंध गोलीबारी

चश्मदीदों के अनुसार, बॉन्डी बीच पर हमला करीब 10 मिनट तक चला. उस समय बीच पर भारी भीड़ मौजूद थी. अचानक हुई गोलीबारी से लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सैकड़ों लोग आसपास की सड़कों और पार्कों में शरण लेने को मजबूर हो गए.

6. बच्चों से बुजुर्ग तक बने शिकार

मृतकों और घायलों की उम्र 10 साल से लेकर 87 साल तक बताई जा रही है. दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है.

7. हथियारों का भी खुलासा

वीडियो फुटेज में हमलावरों के पास बोल्ट-एक्शन राइफल और शॉटगन दिखाई दी है. पुलिस हथियारों के स्रोत की जांच कर रही है.

8. अहमद की बहादुरी से बचीं कई जानें

9. प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने बताया ‘आतंक का काला अध्याय’

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने हमले को देश के इतिहास का ‘काला दिन’ बताया. उन्होंने कहा कि यह शुद्ध आतंकवाद और यहूदी-विरोधी नफरत का परिणाम है.

10. यहूदी इलाकों में सुरक्षा बढ़ी, पीएम मोदी ने जताया दुख

पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल केवल दो ही हमलावर थे. देशभर में यहूदी समुदाय के इलाकों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने भी हमले की निंदा की है. पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए भारत की जनता की ओर से उन परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस दुख की घड़ी में भारत ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ पूरी तरह से एकजुटता से खड़ा है.

इस आतंकी हमले ने न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया बल्कि पूरी दुनिया को झकझोर दिया है. बॉन्डी बीच, जो आमतौर पर खुशी और सुकून का प्रतीक माना जाता है, आज मातम और खामोशी में डूबा नजर आ रहा है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *