Last Updated:
राजगढ़ में रबी सीजन के बीच खाद की किल्लत किसानों के लिए चुनौती बन गई है. सहकारी समिति में खिड़की पर पर्चियां और जमीन पर आधार कार्ड रखकर किसानों ने लाइन लगाई, चार दिन से चक्कर काटते रहे. प्रशासन नई सप्लाई के साथ व्यवस्था सुधारने का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत अभी भी कठिन है.
राजगढ़. रबी सीजन के बीच किसानों के लिए खाद संकट बड़ी चिंता बन गया है. खिलचीपुर स्थित सहकारी विपणन समिति कार्यालय में किसानों की लंबी कतारें, खिड़की पर लटकी पर्चियां और जमीन पर फैले आधार कार्ड की तस्वीरें सिस्टम पर सवाल खड़ा कर रही हैं. चार-चार दिन से कतार में खड़े किसान खाली हाथ लौट रहे हैं. महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग सभी सुबह से कार्यालय में पहुंचकर नंबर बनाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि उनकी जरूरत के अनुसार यूरिया मिल सके. किसान कहते हैं कि अब खाद लेना सामान्य प्रक्रिया नहीं बल्कि मंदिर में मन्नत पूरी करने जैसा अनुभव हो गया है.
सुबह होते ही किसानों की भीड़ बढ़ गई और खिड़की खोलते समय व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हुई. आधार कार्ड और जमीन की पट्टियों की फोटोकॉपी सीधे जमीन पर रखी गई, ताकि नंबर बने रहे और कोई भी किसान पीछे न छूटे. प्रशासन ने भीड़ संभालने के लिए पुलिस तैनात की. अधिकारियों का कहना है कि नई सप्लाई आ गई है और जल्द ही सभी किसानों को यूरिया मिल जाएगा. बावजूद इसके जमीनी हकीकत यह दर्शाती है कि खाद की समस्या अभी पूरी तरह हल नहीं हुई है.
चार दिन से चक्कर काट रहे हैं. खिड़की देर से खोलते हैं और नंबर आते-आते यूरिया खत्म हो जाता है. रोज पेट्रोल खर्च करके आते हैं और खाली हाथ लौटते हैं. कोई सुनवाई नहीं हो रही. यहां कोई व्यवस्था नहीं है. मजबूरी में पर्चियां बांधनी पड़ती हैं, ताकि नंबर न छूटे.”
-राम नारायण तंवर, ग्राम देहरा
ऐसे समझें किसानों की परेशानी, नहीं मिल पा रही सुविधा
- रबी सीजन में यूरिया की किल्लत बनी हुई है.
- किसानों को खिड़की पर पर्चियां और जमीन पर आधार कार्ड रखना पड़ रहा है.
- कतार सुबह 8 बजे से सड़क तक फैल गई.
- प्रशासन ने भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस तैनात की.
- नई सप्लाई आने के बाद उम्मीद है कि सभी किसानों की जरूरत पूरी होगी.
“एक दिन सप्लाई न आने से भीड़ बढ़ गई थी. अब यूरिया की रैक लग चुकी है और तीन गाड़ियां समिति में पहुंच गई हैं. एक आधार कार्ड पर दो बोरी यूरिया दिया जा रहा है. नई सप्लाई से सभी किसानों की जरूरत पूरी हो जाएगी.”
-के.के. जाटव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, खिलचीपुर
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें
.