एचआईवी एक ऐसा वायरस है जो प्रतिरोधक क्षमता यानी शरीर की सुरक्षा प्रणाली को कमजोर करता है. लेकिन यह रोजमर्रा की गतिविधियों से नहीं फैलता. कई लोग आज भी गलतफहमी के कारण डरते हैं, जबकि सही जानकारी हमें बीमारी से बचा सकती है.
दिल्ली के एलैंटिस हेल्थकेयर में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के चेयरमैन और एचओडी, डॉ. मनन गुप्ता ने बताया कि अगर समय पर इलाज किया जाए, खासकर एंटीरिट्रोवायरल थेरेपी (ART), तो एचआईवी को कंट्रोल किया जा सकता है. व्यक्ति सामान्य, स्वस्थ जीवन जी सकता है. उनके अनुसार, जागरूकता, सुरक्षित व्यवहार और नियमित जांच सबसे बड़े हथियार हैं.
एचआईवी कैसे फैलता है?
डॉ. गुप्ता बताते हैं कि एचआईवी सिर्फ कुछ खास शारीरिक तरल पदार्थों से फैलता है जैसे- खून, वीर्य, योनि स्राव और मां का दूध. यह तब फैलता है जब लोग असुरक्षित यौन संबंध बनाते हैं, किसी का इस्तेमाल किया हुआ संक्रमित सुई या नशे की सुई साझा करते हैं, या संक्रमित खून से ब्लड ट्रांसफ्यूजन होता है. मां से बच्चे में यह वायरस जन्म के समय या दूध पिलाते समय जा सकता है. लेकिन यह बीमारी छूने, साथ खाना खाने, पानी पीने, गले लगाने या हवा से नहीं फैलती.
एचआईवी से एड्स बनने में कितना समय लगता है?
आमतौर पर एचआईवी को एड्स बनने में 8 से 10 साल लग जाते हैं. अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से ART दवाएं लेता है, तो वायरस कंट्रोल में रहता है और एड्स बनने की संभावना बहुत कम हो जाती है. ART शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत रखती है, जिससे व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ रह सकता है.
एड्स कब कहा जाता है?
जब किसी व्यक्ति का CD4 काउंट 200 से नीचे आ जाता है या उसे गंभीर संक्रमण हो जाता है, तो इसे एड्स कहा जाता है. अगर उपचार न मिले, तो एड्स ही वह स्थिति है जिससे अधिकतर मरीजों की मौत हो सकती है. कमजोर प्रतिरोधक क्षमता, तनाव, कुपोषण, टीबी, न्यूमोनिया और ART को न लेने जैसी बातें बीमारी को और बढ़ा सकती हैं.
एचआईवी से बचाव कैसे करें?
डॉ. गुप्ता के अनुसार, एचआईवी से बचाव बिल्कुल संभव है. इसके लिए आप कुछ जरूरी सावधानियां बरत सकते हैं. इसमें- कंडोम का इस्तेमाल करना, असुरक्षित यौन संबंधों से बचना, किसी की सुई या नशे की सुई कभी भी साझा न करना, सुरक्षित और जांचा हुआ खून इस्तेमाल करना शामिल है. एचआईवी से संक्रमित गर्भवती महिलाएं यदि ART ठीक से लें, तो वे अपने बच्चे को सुरक्षित जन्म दे सकती हैं.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.
.