Last Updated:
घर में लगे पौधों को हरा-भरा और स्वस्थ बनाए रखना चाहते हैं, तो ऑर्गेनिक खाद से बेहतर विकल्प कोई नहीं. रसोई से निकलने वाले सब्जियों और फलों के छिलके, अंडे के छिलके, छाछ, गुड़, गोबर खाद और इस्तेमाल की हुई चायपत्ती से आप घर पर ही आसानी से पौधों के लिए पोषणयुक्त खाद तैयार कर सकते हैं. इसे अपनाकर पौधे जल्दी बढ़ते हैं, मिट्टी उपजाऊ बनती है और गार्डन फूलों से लदे दिखने लगता है.
अगर आप घर पर पौधों के लिए ऑर्गेनिक खाद बनाना चाहते हैं तो किचन वेस्ट कम्पोस्ट एक बेहतरीन विकल्प है. इसके लिए सब्जियों और फलों के छिलके, चायपत्ती, अंडे के छिलके आदि इस्तेमाल कर सकते हैं. बनाने के लिए एक बाल्टी लें, सबसे नीचे सूखी पत्तियों या मिट्टी की परत डालें, उसके ऊपर किचन वेस्ट की परत लगाएं और हर परत पर थोड़ा मिट्टी या खाद डालते रहें. इसे ढककर करीब 25–30 दिन में प्राकृतिक ऑर्गेनिक खाद तैयार हो जाएगी.

घर पर निकलने वाले वेस्ट को पौधों के लिए पोषणयुक्त खाद में बदला जा सकता है. इसके लिए अंडे के छिलके का इस्तेमाल बेहद फायदेमंद है. सूखे अंडे के छिलकों को पीसकर पाउडर बना लें और इसे मिट्टी में मिलाएं. इसमें भरपूर कैल्शियम होता है, जो पौधों की जड़ों और तनों को मजबूत बनाने में मदद करता है.

केले के छिलके से भी घर पर पौधों के लिए पोषणयुक्त खाद बनाई जा सकती है. इसके लिए 5–6 केले के छिलके और 1 लीटर पानी लें. छिलकों को पानी में 24 घंटे भिगोकर रखें, फिर इसे छान लें और इस पानी को पौधों में डाल दें. यह पोटैशियम की अच्छी सप्लाई करता है, जो पौधों की सेहत और वृद्धि के लिए बेहद फायदेमंद है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

किचन में चाय बनाने के बाद इस्तेमाल की हुई चायपत्ती को फेंकने की बजाय इसे पौधों के लिए खाद के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए चायपत्ती को धोकर सुखा लें और सीधे पौधों की मिट्टी में मिलाएं. यह मिट्टी को नाइट्रोजन प्रदान करती है और पौधों को हरा-भरा और स्वस्थ बनाए रखती है.

सूखी पत्तियों से ऑर्गेनिक खाद बनाने के लिए कुछ सूखी पत्तियां, घास और थोड़ी मिट्टी लें. पत्तियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर ढेर बनाएं और हर 7 दिन में पानी छिड़कते रहें. 30–40 दिन में यह मिश्रण पूरी तरह सड़ा और पोषक तत्वों से भरपूर बेहतरीन खाद में बदल जाएगा.

छाछ और गुड़ सिर्फ़ स्वास्थ्य के लिए ही नहीं बल्कि पौधों के लिए भी बेहद फायदेमंद हैं. जैविक खाद बनाने के लिए 2 लीटर पानी, 1 कप छाछ और 2 चम्मच गुड़ लें. इन सबको मिलाकर 2 दिन ढककर रखें. तैयार घोल को सीधे पौधों पर डालें, यह मिट्टी को मुलायम बनाता है और उसमें पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाता है.
.