Last Updated:
Gardening Tips: दिसंबर की ठंडक भले ही बगीचे की रौनक कम कर दे, लेकिन यही मौसम कुछ ऐसे फूलों के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है जो कम तापमान में भी शानदार रंग भरते हैं. सर्दियों के इस अंतिम दौर में कुछ ऐसे पौधे आप बगीचे में लगा सकते हैं जो फाल्गुन तब खिलते रहेंगे.
दिसंबर का महीना घर के बगीचे को रंगीन बनाने का सबसे सही समय माना जाता है. ठंडी हवा के बीच खिलने वाले फूल न केवल मौसम को रौनक देते हैं, बल्कि आपकी क्यारी को भी आकर्षक बनाते हैं. ऐसे में कुछ विशेष फूल दिसंबर में बोए जाएं तो जनवरी से अप्रैल तक शानदार खिलाव मिलता है.

बागवानी विशेषज्ञ सुधा पटेल ने लोकल 18 से बताया कि ठंडे तापमान में कई फूलों की ग्रोथ तेज होती है, क्योंकि मौसम इनके लिए अनुकूल बना रहता है. हल्की धूप, नियंत्रित पानी और सही मिट्टी मिल जाए तो ये पौधे पूरी सर्दियों में घर की शोभा बढ़ाने की क्षमता रखते हैं.

दिसंबर के अंतिम सप्ताह में गेंदा बोने से जनवरी के मध्य से फरवरी तक फूल आना शुरू हो जाता है. इस पौधे को 3-4 महीने में तैयार माना जाता है और यह मार्च तक निरंतर फूल देता है. अच्छी जल निकासी, 6.5-7.5 पीएच मिट्टी और पिंचिंग तकनीक से इसकी झाड़ी बेहतर बनती है. अफ्रीकन व फ्रेंच मैरीगोल्ड की किस्में इस मौसम में विशेष रूप से कारगर रहती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पेटूनिया दिसंबर के अंत में लगाने पर फरवरी के आखिरी हफ्तों में खिलना शुरू कर देता है. इसकी बढ़त के लिए धूप, नियमित पानी और संतुलित खाद बेहद जरूरी है. मुरझाए फूलों को हटाते रहने से नई कलियों का विकास बढ़ता है. छोटे पौधों से रोपाई करने पर पेटूनिया जल्दी फूल देता है और सर्दियों में क्यारियों को सुंदर बनाता है.

सतना क्षेत्र में दिसंबर में लगाए कैलेंडुला करीब 2–3 महीने में फूल देने लगता है. फरवरी-मार्च में इसकी चमकीली पंखुड़ियां बगीचे को खास बनाती हैं. पूरी धूप, हल्की खाद और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी इसकी वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वहीं बीज को हल्का ढकना इसकी अंकुरण क्षमता बढ़ाता है.

डहलिया दिसंबर के आखिर में लगाने पर 90 से 120 दिनों में फूल देता है. यह पौधा सर्दियों के अंत से लेकर शुरुआती गर्मी तक खूबसूरत फूल देता है. पाले से सुरक्षा, 15°C से ऊपर की मिट्टी, संतुलित पानी और स्टेकिंग तकनीक के साथ इसे स्वस्थ रखा जा सकता है. सतना जैसे क्षेत्रों में यह शुरुआती वसंत में बेहतरीन खिलता है.

स्वीट पी या मीठी मटर दिसंबर के अंत में रोपने पर फरवरी मार्च में फूलने लगता है. बेलदार पौधा होने के कारण इसे ट्रेलिस या सहारे की जरूरत पड़ती है. ठंडे मौसम, धूप और हल्की नम मिट्टी में यह तेजी से बढ़ता है. पाले से बचाने पर इसकी खुशबूदार कलियाँ लंबे समय तक खिलती रहती हैं.

अगर आप चाहते हैं कि आने वाले जनवरी से अप्रैल तक आपका बगीचा रंगों से भरा रहे तो दिसंबर में इन पांच फूलों की रोपाई बेहतरीन विकल्प है. सही तापमान, धूप और उचित देखभाल के साथ ये सभी फूल सर्दियों की क्यारी को खूबसूरत बनाने में पूरी तरह सक्षम हैं.
.