Raipur News: राजधानी रायपुर इस दिसंबर एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है. 18 से 22 दिसंबर 2025 तक आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित होने वाला पांच दिवसीय मेगा हेल्थ कैम्प न सिर्फ शहर का, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का सबसे विशाल स्वास्थ्य शिविर माना जा रहा है. इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देशभर के बड़े महानगरों मुंबई, बैंगलूरू, हैदराबाद और सिकंदराबाद से नामी चिकित्सकों का आना तय हो चुका है. विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस शिविर में 75 हजार से लेकर एक लाख तक मरीज शामिल हो सकते हैं. पिछले वर्ष लगे पांच दिवसीय शिविर में 60 हजार पंजीयन दर्ज हुए थे, जिसके आधार पर इस बार संख्या और अधिक रहने की उम्मीद है.
शिविर पूरी तरह निशुल्क रहेगा
शिविर के प्रभारी डॉ. जे.पी. शर्मा ने बताया कि यह पूरा शिविर पूरी तरह निशुल्क रहेगा और इसमें एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, एक्यूप्रेशर, एक्यूपंक्चर, नाड़ी चिकित्सा समेत सभी चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ एक ही परिसर में उपलब्ध रहेंगे. मरीजों की सुविधा के लिए रक्त जांच, एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई, दवाइयां और भोजन की व्यवस्था पूर्णतः निःशुल्क की जा रही है.
इस शिविर की विशेषता है थर्मल स्कैनिंग मशीन, जो महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक जाँच के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है. यह आधुनिक IA मशीन केवल 5-10 मिनट में रिपोर्ट प्रदान करती है. इस विशेष जांच के लिए बैंगलोर और दिल्ली से अनुभवी ऑन्कोलॉजिस्ट मौजूद रहेंगे. बैंगलोर की प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आयुषी गोयल भी शिविर का हिस्सा होंगी. इसके अलावा समर्पण हॉस्पिटल के डॉ. गंभीर सिंह और डॉ. मंजू सिंह भी विभिन्न मामलों में जांच और परामर्श देंगे.
इसके साथ ही हड्डियों की जांच के लिए बीएमडी मशीन, लिवर की जांच के लिए फ़िब्रोस्कैन मशीन और देशभर में मशहूर जयपुर पैर सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी. आयोजक समिति के सह संयोजक डॉ. रवि राठी ने बताया कि पिछले वर्ष चश्मा वितरण में वर्ल्ड रिकॉर्ड बन चुका है और इस बार भी कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं.
मेगा शिविर को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर से 40 बाहरी चिकित्सक, 250 से 300 स्थानीय डॉक्टर, 30 बड़े हॉस्पिटल, और 600–700 मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ जुटाने की तैयारी पूरी हो चुकी है. रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इच्छुक मरीज रोज सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयुर्वेद कॉलेज परिसर में या ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं.
रायपुर का यह मेगा हेल्थ कैम्प स्वास्थ्य सेवा का ऐसा संगम बनने जा रहा है, जहां एक ही स्थल पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लाखों लोगों को उपचार, जांच और परामर्श उपलब्ध कराएगी. यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवा को व्यापक रूप से जनता तक पहुंचाएगा बल्कि छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य प्रबंधन के क्षेत्र में नए स्तर पर स्थापित करने वाला साबित हो सकता है.