Last Updated:
Delhi Ram Manohar Lohia Hospital Advanced MRI Machine : दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में न्यूरोमॉड्यूलेशन और फुट प्रेशर विश्लेषण लैब का उद्घाटन हुआ है. यह देश की पहली एमआरआई को जांचने वाली MRI मशीन है. यह दुनिया की दिमाग के इलाज के लिए सबसे एडवांस मशीन मानी जा रही है.
नई दिल्ली : शरीर में लगी बारीक से बारीक चोट की जांच करने के लिए लोग एमआरआई (मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग) जांच करवाते थे. हालांकि लोगों को कई बार उस एमआरआई जांच पर भी संदेह होता था, लेकिन अब एमआरआई जांच को भी बारीक से जांचने की एक लैब का उद्घाटन दिल्ली के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हुआ है.
वहीं, अस्पताल के प्रवक्ता और डायरेक्टर प्रोफेसर मेडिसिन डॉक्टर पुलिन कुमार गुप्ता ने बताया कि देश के पहले सरकारी शारीरिक आयुर्विज्ञान और पुनर्वास (पीएमआर) विभाग में पहली अनोखी न्यूरोमॉड्यूलेशन प्रयोगशाला (न्यूरोनैविगेशन सहित ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिम्यूलेशन) और फुट प्रेशर विश्लेषण प्रयोगशाला का उद्घाटन 2 दिसंबर को किया गया है. उन्होंने बताया कि निदेशक डॉ. अशोक कुमार ने इसका उद्घाटन किया है. इस अवसर पर डॉ. विवेक देवान (मेडिकल सुपरिंटेंडेंट), डॉ. कौशल त्यागी (अतिरिक्त एमएस) और डॉ. शिप्रा चौधरी (प्रमुख, पीएमआर विभाग) की मौजूद रही.
MRI इमेज की मिलेगी सटीक जानकारी
पुलिन कुमार गुप्ता ने बताया कि यह लैब रोगी की एमआरआई इमेज को एकीकृत कर सटीक शारीरिक स्थिति की पहचान करने में सक्षम बनाती है, जिससे चिकित्सक मस्तिष्क के विशिष्ट हिस्सों को मिलीमीटर स्तर की सटीकता से समझ सकते हैं. यह तकनीक वास्तविक समय में दृष्टि-निर्देशन और ट्रैकिंग के जरिए इलाज को और आसान बनाती है.
उन्होंने बताया कि इस तकनीक के जरिए रोगियों को नॉन-इनवेसिव लक्षित न्यूरोमॉड्यूलेशन प्राप्त होता है, जो स्ट्रोक, मस्तिष्क की चोट, स्पास्टिसिटी, दीर्घकालिक दर्द और मूवमेंट डिसऑर्डर्स जैसी स्थितियों में मस्तिष्क की पुनर्संरचना में सहायता कर कार्यात्मक सुधार की प्रक्रिया को तेज करता है. कह सकते हैं कि दिमाग से जुड़ी हुई हर दिक्कत की जांच अब एकदम सटीक होगी और इलाज बेहतर मरीजों को मिल सकेगा. बीमारी जल्दी पकड़ में आ जाएगी. आसान भाषा में यह है कि अब मरीजों को और बेहतर जांच और इलाज मिल सकेगा.
फुट प्रेशर एनालिसिस प्रयोगशाला
उन्होंने बताया कि फुट प्रेशर एनालिसिस प्रयोगशाला, चाल (गैट) के वैज्ञानिक मूल्यांकन, तलवे के दबाव के विश्लेषण और संतुलन विकारों की जांच की सुविधा प्रदान करती है. इससे गतिशीलता में कमी वाले, डायबिटिक फुट जटिलताओं वाले और खेल चोटों से ग्रस्त रोगियों को विशेष लाभ मिलेगा. निदेशक डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि ये अत्याधुनिक तकनीकें संस्थान की पुनर्वास सेवाओं को एक नए स्तर पर ले जाएंगी और देश में इस संस्थान को अग्रणी स्थान दिलाएंगी.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में लगभग 4 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ संप्रति News.in में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. …और पढ़ें
.