साधारण नहीं… इस बार बनाकर खाएं मुरमुरा डोसा, वो भी बेहद आसानी से, स्वाद ऐसा कि मांग-मांगकर खाएंगे बच्चे

Murmura Dosa Recipe: खाने के शौकीन हर दिन कुछ नया बनाकर खाते हैं. किसी भी साधारण चीज को स्पेशल बना देते हैं. ऐसी एक चीज है जो आजकल भी पसंद की जाती है. नाम है डोसा. साउथ इंडियन फूड डोसा अपने स्वाद के जरिए लोगों के दिलों पर राज कर रहा है. यही वजह है कि लोग कई तरह से डोसा बनाकर खाते हैं. लेकिन, क्या आपने कभी मुरमुरे से बने डोसे का स्वाद चखा है. चौंक गए न..! क्योंकि, अब तक आपने मुरमुरे से बनने वाले लड्डुओं का ही स्वाद लिया होगा. लेकिन, इस बार आप मुरमुरे से डोसा बनाकर खाएं. वो भी बेहद आसानी से. स्वाद ऐसा होगा कि बच्चे मांग-मांग कर खाएंगे. यही नहीं, इस डोसे को आप घर आए मेहमानों का भी सर्व कर सकते हैं. मुरमुरा डोसा को ब्रेकफास्ट या फिर स्नैक्स के तौर पर बनाकर खाया जा सकता है. मुरमुरा सेहत के लिहाज से भी अच्छा माना जाता है. मुरमुरा डोसा बनाने के लिए सूजी, बेसन और छाछ का भी इस्तेमाल किया जाता है. तो आइए जानते हैं मुरमुरा डोसा बनाने का सबसे आसान तरीका-

मुरमुरा डोसा बनाने के लिए सामग्री

मुरमुरा डोसा बनाने के लिए मुरमुरा, सूजी, छाछ, गेहूं आटा, बेसन, प्याज कटी, बारीक कटी शिमला मिर्च, हरी धनिया पत्ती, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, काला नमक, पनीर कद्दूकस, बेकिंग सोडा, नींबू रस, अंदाजानुसार तेल और स्वादानुसार नमक की जरूरत होती है.

मुरमुरा डोसा बनाने का तरीका

स्टेप 1- मुरमुरा डोसा बनाने के लिए मुरमुरा साफ करें और उसे एक बड़ी बाउल में शिफ्ट कर पानी डालें और भिगोकर रख दें. अब एक अन्य बाउल लेंऔर उसमें सूजी डालें, फिर सूजी में छाछ डालकर मिक्स करें. दोनों बाउल को ढककर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें. ऐसा करने से सूजी (रवा) फूल जाएगी और मुरमुरे भी अच्छी तरह से भीग जाएंगे. इसके बाद मुरमुरे पानी से निकालें और उन्हें मिक्सर जार में ट्रांसफर कर दें.

स्टेप 2- अब जार में भीगी हुई सूजी, बेसन, गेहूं का आटा, स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा पानी डालें और तब तक पीसें जब तक कि सारी सामग्री का चिकना और मीडियम गाढ़ा बैटर न तैयार हो जाए. इसके बाद तैयार बैटर को एक बड़ी मिक्सिंग बाउल में डालें और कम से कम 2 से 3 मिनट तक ठीक ढंग से फेंट लें. अब तैयार बैटर को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें. तय समय के बाद बैटर की कंसिस्टेंसी देखें. अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा हो तो थोड़ा पानी मिक्स कर सकते हैं.

स्टेप 3- अब बैटर में बेकिंग सोडा और नींबू रस डालकर ठीक ढंग से मिला लें. अब एक नॉनस्टिक तवा लें और उसे मीडियम आंच पर गर्म करें. जब तवा गर्म हो जाए तो उस पर थोड़ा सा पानी छिड़कें और सूती कपड़े से पोछ दें. इसके बाद एक कटोरी में मुरमुरे का बैटर लेकर तवे पर डालें और फैला दें. कुछ देर सेकने के बाद डोसे के किनारों पर थोड़ा सा तेल डालें.

स्टेप 4- डोसे की ऊपरी सतह सूखने के बाद उस पर बारीक कटी प्याज, शिमला मिर्च, हरा धनिया, कद्दूकस पनीर डालकर फैलाएं. इसके बाद डोसे पर लाल मिर्च पाउडर, काला नमक और चाट मसाला छिड़कें. डोसा क्रिस्पी हो जाने के बाद फोल्ट करें और प्लेट में उतार लें. इसी तरह सारे बैटर से मुरमुरा डोसा तैयार कर लें. अब गर्मागर्म डोसे को सांभर और चटनी के साथ सर्व करें.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *