भोपाल में गैस की किल्लत का 7वां दिन: एजेंसियों पर हंगामा, इंडेन ने शुरू की ऑफलाइन बुकिंग – Bhopal News


शहर में रसोई गैस की किल्लत सातवें दिन भी जारी रही। शुक्रवार को कई गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए इंडेन ऑयल ने अपनी एजेंसियों पर ऑफलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। हालांकि सिलेंडर केवल उन्हें दिए जा रहे हैं, जिनके सालाना 12 सिलेंडरों के कोटे में सिलेंडर शेष हैं और पिछली डिलीवरी के बाद 25 दिन से अधिक का अंतर हो चुका है। भोपाल जिले में 46 गैस एजेंसियां हैं, जिनमें 25 से अधिक इंडेन की हैं और इनके उपभोक्ता भी सबसे ज्यादा हैं। सप्लाई और वितरण व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने 22 से अधिक अधिकारियों की ड्यूटी अलग-अलग एजेंसियों पर लगाई है। लालघाटी में एसडीएम रविशंकर राय ने दो ट्रक और एक अन्य ट्रक 25 सिलेंडरों सहित जब्त किया। एमपी नगर में विनीत गैस एजेंसी से 206 कमर्शियल सिलेंडर मिले। कोलार पुलिस ने 25 सिलेंडरों से भरी अवैध बोलेरो पकड़ी। इस तरह एक दिन में कुल 481 सिलेंडर जब्त हुए। अफसर बोले- सर्वर 2 ​दिन में ठीक कर लेंगे मंत्रिमंडल उपसमिति की शुक्रवार को हुई बैठक में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने अधिकारियों से कहा कि एलपीजी उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि पेट्रोल, डीजल, एटीएस, क्रूड ऑयल और घरेलू गैस की प्रदेश में पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कलेक्टरों को कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वर्चुअल जुड़े एमएसएमई मंत्री मंत्री चैतन्य काश्यप ने एलपीजी की ऑफलाइन बुकिंग शुरू करने को कहा। आयल कंपनी के स्टेट नोडल ऑफिसर अजय श्रीवास्तव ने कहा कि एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है, सिर्फ सर्वर में दिक्कत आई है। इसे दो दिन में दुरुस्त करेंगे। घर तक ​सिलेंडर डिलीवरी नहीं तो कंपनी को 35 रुपए लौटाना चाहिए एलपीजी कंपनियों के नियमों के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 35 रुपए होम डिलीवरी चार्ज शामिल होता है। इसलिए सिलेंडर लगभग 918 रुपए में दिया जाता है। नियम के मुताबिक एजेंसी को सिलेंडर उपभोक्ता के घर तक पहुंचाना अनिवार्य है। यदि घर तक डिलीवरी नहीं होती, तो यह शुल्क बिल से घटाकर सिलेंडर देना चाहिए। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *