सिंगरौली जिले के चितरंगी में राजस्व विभाग ने अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार रात करीब 2 बजे उत्तर प्रदेश की बॉर्डर से एमपी में प्रवेश कर रहे दो ट्रैक्टरों को रोका गया और उनसे लगभग 75 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया।
.
यह कार्रवाई राजस्व विभाग की टीम ने की। जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों में कुल 75 क्विंटल धान लदा हुआ था, जिसे अवैध रूप से उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश लाया जा रहा था।
यूपी और एमपी में धान की खरीद व्यवस्था और व्यावहारिक दरों में अंतर का फायदा उठाकर बिचौलिये सक्रिय हैं। केंद्र सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2300 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जिस पर मध्य प्रदेश में सरकारी समितियों की ओर से खरीद की जाती है।
इसके विपरीत, यूपी के कई इलाकों में सरकारी खरीद सीमित है और खुले बाजार में किसानों को कम दाम मिलते हैं। इसका लाभ उठाकर बिचौलिये किसानों से सस्ते में धान खरीदते हैं और उसे एमपी से लाकर समर्थन मूल्य पर बेचने की कोशिश करते हैं।
समर्थन मूल्य में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त
इसी अवैध गतिविधि की सूचना पर एसडीएम चितरंगी सौरभ मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग ने देर रात दबिश दी। इस कार्रवाई में तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह सहित राजस्व अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल, जब्त किए गए ट्रैक्टरों और धान के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम चितरंगी सौरभ मिश्रा ने कहा कि समर्थन मूल्य का गलत फायदा उठाने के लिए दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर बेचने की कोशिश की जा रही है, और ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से अवैध धान कारोबार में लगे बिचौलियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में निगरानी और तेज की जाएगी ताकि ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
.