शहडोल जिले के धनपुरी में प्रेम प्रसंग के चलते एक सात वर्षीय बच्चे की हत्या कर दी गई। बच्चे का शव बीते शुक्रवार को एक बंद पड़ी कोयला खदान में मिला था। आरोपी ने बच्चे का गला घोंटकर शव को खदान में फेंक दिया था। धनपुरी थाना क्षेत्र की इस घटना में पुलिस ने सोमवार रात हत्या के कारण का खुलासा कर दिया है। महिला से इनकार से भड़का आरोपी पुलिस के अनुसार, पुरानी बस्ती निवासी मोइशीन का झिल्ली दफाई क्षेत्र में मजदूरी करने वाली एक महिला से प्रेम प्रसंग था। मोइशीन महिला के साथ रहना चाहता था, लेकिन महिला ने अपने दो बच्चों का हवाला देकर उसके साथ जाने से इनकार कर दिया था। महिला के इनकार से नाराज मोइशीन ने बच्चों को अपने रिश्ते में बाधा माना। उसने प्रेमिका के सात वर्षीय बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। बगैय्या नाला के पास स्थित बंद पड़ी कोयला खदान के पास उसने बच्चे का गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपी ने उसके शव को खदान में भरे पानी में फेंक दिया। 5 दिन से लापता था बच्चा बच्चा बीते पांच दिनों से लापता था, जिसकी गुमशुदगी धनपुरी थाने में 27 जनवरी को दर्ज कराई गई थी। पुलिस तब से ही बच्चे की तलाश कर रही थी। वहीं परिजनों ने बच्चे की तलाश के लिए इनाम की घोषणा भी की थी। दूसरे बच्चे को मारने की थी योजना काफी खोजबीन के बाद बगैय्या नाला स्थित कोयला खदान में पानी में तैरता हुआ शव मिला। शव की हालत और घटनास्थल के हालात ने शुरू से ही हत्या की ओर इशारा किया। पुलिस ने शक के आधार पर मोइशीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दूसरे बच्चे को भी खत्म करने की योजना बना रहा था। .