रतलाम में एक्सप्रेस-वे पर लूट करने वाले 6 बदमाश गिरफ्तार: 3 सगे भाई शामिल; शराब के लिए दंपती को लूटा था, 500 CCTV खंगालने पड़े – Ratlam News


रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर 14 दिन पहले बाइक सवार दंपती से लूट करने वाले 6 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन सगे भाई हैं। सोमवार शाम एसपी अमित कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ये बदमाश शराब के शौक को पूरा करने के लिए वारदात को अंजाम देते थे। इनमें से 2 आरोपी राजस्थान के बांसवाड़ा और 4 रतलाम जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली है। बाइक रोककर जेवर और कैश छीना था घटना 5 जनवरी की है। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के वालारुण्डी के पास 8 लेन पर बाइक सवार दंपती राकेश (23) और उनकी पत्नी संगीताबाई (21) (निवासी सांवलिया रूंडी) को अज्ञात बदमाशों ने ओवरटेक करके रोक लिया था। बदमाशों ने डरा-धमकाकर उनसे 23,900 रुपए नकद, एक मोबाइल और चांदी की दो चूड़ियां लूट ली थीं। फरियादी की शिकायत पर शिवगढ़ थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। मंदिर के पास मिली सिम से खुला राज पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक्सप्रेस-वे और आसपास के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान वरोठमाता मंदिर के पास पुलिस को एक सिम कार्ड पड़ा मिला। जब उसे ट्रैक किया गया, तो वह फरियादी के नंबर की सिम निकली। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच को आगे बढ़ाया और आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में 3 सगे भाई पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में कैलाश (24), दिनेश उर्फ कालु (22) और लखन (20) तीनों पिता लालु हाड़ा (निवासी ग्राम तलीनखेड़ा, बाजना) सगे भाई हैं। इनके अलावा फतेहसिंह उर्फ फतिया (25) और सतीश (24) निवासी बांसवाड़ा (राजस्थान) व बाबूलाल उर्फ बबलु (20) निवासी बाजना शामिल हैं। सभी को सोमवार को सैलाना कोर्ट में पेश किया गया। 87 हजार का माल बरामद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई चांदी की दो चूड़ी (कीमत 6000 रुपए), एक मोबाइल (15,000 रुपए), नकद 6350 रुपए और घटना में प्रयुक्त एक बाइक (60,000 रुपए) जब्त की है। कुल बरामद मशरूका 87,250 रुपए का है। कार्रवाई में शिवगढ़, बिलपांक थाना और साइबर सेल की टीम शामिल रही। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *