नीमच शहर के व्यस्त इलाकों में शुमार लायंस पार्क से माहेश्वरी भवन चौराहे तक की सड़क अब नए रूप में नजर आएगी। नगरपालिका यहां सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण (डामर रोड) का काम तेजी से करा रही है। बुधवार को नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने खुद मौके पर पहुंचकर चल रहे काम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों का जाल बिछाना और यातायात को आसान बनाना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। 14 लाख की लागत से बदलेगी सूरत लगभग 500 मीटर लंबी इस सड़क को बनाने में करीब 14 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। पहले यह रास्ता महज 6 फीट चौड़ा था, जिससे दो कारों का एक साथ निकलना भी मुश्किल होता था और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। अब प्रशासन इसे बढ़ाकर 10 से 12 फीट चौड़ा कर रहा है। सड़क चौड़ी होने से स्थानीय रहवासियों और वाहन चालकों को संकरी गली से होने वाली परेशानियों से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। गुणवत्ता से समझौता नहीं, लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें निरीक्षण के दौरान स्वाति चोपड़ा ने सड़क की मोटाई और उपयोग की जा रही सामग्री की बारीकी से जांच की। उन्होंने ठेकेदार और अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, आवागमन को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए उन्होंने सड़क के किनारे तुरंत नई स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश भी दिए ताकि रात के समय दुर्घटनाओं का डर न रहे। वार्डवासियों ने जताया आभार विकास कार्यों से खुश होकर वार्ड के नागरिकों ने नगरपालिका अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से उनके क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो रहा है। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, नगरपालिका के वरिष्ठ इंजीनियर और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। .