कान में जमी गंदगी और मैल चुटकियों में निकलेगा बाहर ! ईयरवैक्स से छुटकारा पाने की 5 आसान ट्रिक्स

How To Clean Ear Wax Easily: कान में ईयरवैक्स बनना एक नेचुरल प्रक्रिया है. ईयरवैक्स हमारे कानों को धूल, गंदगी और बैक्टीरिया से बचाने का काम करती है. हालांकि कई बार कान में ईयरवैक्स ज्यादा मात्रा में जमा हो जाती है और इसके साथ मैल भी जम जाता है. इससे लोगों को सुनने में परेशानी होती है और कान में भारीपन, खुजली या दर्द जैसी समस्याएं होने लगती हैं. अक्सर लोग कॉटन बड या नुकीली चीजों से कान साफ करने लगते हैं, जो नुकसानदायक हो सकता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो कुछ आसान घरेलू उपायों से आप ईयरवैक्स निकाल सकते हैं.

कान का मैल साफ करने के घरेलू नुस्खे | How To Clean Earwax At Home

सरसों का तेल या नारियल तेल :मेडिकल से जुड़ी जानकारी देने वाली वेबसाइट हेल्थलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक सरसों या नारियल तेल कान की गंदगी को नरम करने में बहुत मदद करता है. सबसे पहले तेल को हल्का सा गुनगुना कर लें और फिर ड्रॉपर से 2-3 बूंद तेल कान में डाल लें. इसके बाद 5 से 10 मिनट उसी करवट में लेटे रहें. इससे कान में जमा ईयरवैक्स मुलायम होकर धीरे-धीरे बाहर आने लगता है. यह तरीका रात में सोने से पहले करना ज्यादा फायदेमंद रहता है.

गुनगुना पानी : आपको जानकर हैरानी होगी कि गुनगुना पानी आपके कान में जमी गंदगी बाहर निकाल सकता है. अगर कान में हल्की गंदगी है, तो गुनगुना पानी सबसे आसान उपाय है. साफ ड्रॉपर या सिरिंज से थोड़ा सा गुनगुना पानी कान में डालें. कुछ सेकंड रुकने के बाद सिर को दूसरी तरफ झुका लें, ताकि पानी और गंदगी बाहर निकल जाए. ध्यान रखें कि पानी बहुत ज्यादा गर्म न हो, वरना कान को नुकसान हो सकता है.

ग्लिसरीन : जिन लोगों के कान में सूखा और सख्त मैल जम जाता है, उनके लिए ग्लिसरीन बहुत फायदेमंद होती है. दिन में एक बार 2-3 बूंद ग्लिसरीन कान में डालें. यह ईयरवैक्स को धीरे-धीरे ढीला करती है, जिससे 2-3 दिन में कान साफ महसूस होने लगता है. यह तरीका दर्दरहित और सबसे सुरक्षित माना जाता है.

भाप लें : स्टीम यानी भाप लेने से कान के अंदर जमा मैल नरम हो जाता है. गर्म पानी को किसी बर्तन में डालकर 5-10 मिनट तक भाप लीजिए. भाप से नमी मिलती है, जिससे कान का बंदपन कम होता है और गंदगी ढीली पड़ जाती है. सर्दी-जुकाम के समय यह तरीका और भी ज्यादा राहत देता है.

नमक वाला पानी : एक कप गुनगुने पानी में चुटकीभर नमक मिलाकर अच्छे से घोल लें. फिर ड्रॉपर से इस पानी की कुछ बूंदें कान में डालिए. कुछ सेकंड बाद सिर झुका दें, ताकि पानी बाहर निकल जाए. नमक बैक्टीरिया को कम करने में मदद करता है और हल्की गंदगी को साफ करता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

कान की गंदगी इन चीजों से न करें साफ

हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो कभी भी कान में कॉटन बड, पिन, चाबी या नुकीली चीज नहीं डालनी चाहिए. इन चीजों से गंदगी अंदर चली जाती है और कान में इंजरी हो सकती है. इससे कान के पर्दे को नुकसान हो सकता है. अगर कान में दर्द, सूजन या सुनाई देना कम हो रहा हो, तो घरेलू उपायों के बजाय ENT डॉक्टर को दिखाना सबसे सुरक्षित रहता है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *