479210957500 रुपये का चूना… एक झटके में लुट गया रईस, एक नाम ने बदल दी तकदीर

‘मुझे लग रहा है कि मैं एक बेवकूफ़ हूं.’ मशहूर मेक्सिकन अरबपति और ग्रुपो सालिनास के मालिक रिकार्डो सालिनास प्लीगो ने वॉल स्ट्रीट जर्नल को दिए एक इंटरव्यू में यह बात कही. उन्होंने ये बयान तब दिया जब उनकी 16 अरब डॉलर की कुल संपत्ति का लगभग 25% हिस्सा यानी लगभग 479210957500 रुपये एक सुनियोजित धोखाधड़ी में डूब गया.

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, सालिनास एक हाई-प्रोफाइल ‘लोन-टू-ओन’ स्कैम का शिकार हो गए, जिसे खुद को अमेरिकी इतिहास के सबसे अमीर व्यक्ति जॉन जैकब ऐस्टर के वंशज बताने वाले ठगों ने अंजाम दिया. फर्जी ‘एस्टर कैपिटल फंड’ को ऐस्टर परिवार की प्रतिष्ठा से जोड़कर पेश किया गया, जबकि इसका असल ऐस्टर फैमिली से कोई लेना-देना नहीं था.

कैसे हुई स्कैम की शुरुआत?

साल 2021 में रिकार्डो सालिनास ने बिटकॉइन में निवेश के लिए अपने पारिवारिक कारोबार ग्रुपो इलेक्ट्रा के शेयरों के बदले 40 करोड़ डॉलर का कर्ज लेने का फैसला किया. उन्हें एक स्विस वित्तीय सलाहकार के जरिए एस्टर कैपिटल फंड से जोड़ा गया, जो खुद को एक प्रतिष्ठित अमेरिकी वंश से जुड़ा फंड बताता था.

कंपनी के फ्रंटमैन ‘थॉमस ऐस्टर मेलोन’ ने सिर्फ 1.15% ब्याज दर पर लोन देने की पेशकश की. उन्होंने एक पेशेवर वेबसाइट, शेर की मोहर वाला लोगो और ब्रांडेड ऑफिस वाला वीडियो दिखाकर भरोसा जीत लिया. लेकिन असलियत कुछ और ही थी. ‘थॉमस ऐस्टर मेलोन’ कोई और नहीं, बल्कि एलेक्सी स्काचकोव था… एक यूक्रेनी अपराधी, जो अब जॉर्जिया में रहता है और उस पर दवा से जुड़ी धोखाधड़ी और आभूषण चोरी जैसे मामले दर्ज हैं.

मास्टरमाइंड कौन था?

इस जालसाज़ी का असली मास्टरमाइंड व्लादिमीर स्क्लारोव था. एक यूक्रेनी मूल का अमेरिकी नागरिक, जिसने ‘ग्रेगरी मिचेल’ और ‘मार्क साइमन बेंटली’ जैसे नामों से खुद को पेश किया. स्क्लारोव पहले भी 1990 के दशक में $18 मिलियन का मेडिकेयर फ्रॉड कर चुका है.

जैसे ही इलेक्ट्रा के 400 मिलियन डॉलर के शेयर स्क्लारोव के हाथ आए, उन्होंने उन्हें बाजार में बेच दिया. नतीजतन, जुलाई 2024 में इलेक्ट्रा के शेयरों में 71% की भारी गिरावट आई, जिससे सालिनास की संपत्ति से $5.5 अरब और इलेक्ट्रा की मार्केट वैल्यू से $4 अरब का नुकसान हुआ.

कहां गया इतना पैसा?

स्कैम के जरिये जुटाई गई रकम से लग्जरी संपत्तियां खरीदी गईं. जैसे 64.50 लाख डॉलर में न्यू यॉर्क पेंटहाउस, 26.70 लाख डॉलर में वर्जीनिया मैन्शन, 60 लाख डॉलर का फ्रेंच शैटॉ और ग्रीस में महंगे विला…

2021 में ही इलेक्ट्रा के शेयरों में असामान्य हलचल देखी गई थी, लेकिन एस्टर कैपिटल की तरफ से दिए गए आश्वासन, न्यू यॉर्क के ब्रांडेड ऑफिस का दौरा और पेशेवर रवैये ने सभी शंकाओं को दबा दिया.

हालात तब बिगड़े जब जुलाई 2024 में सालिनास ने लोन की अग्रिम अदायगी करनी चाही. जवाब में एस्टर कैपिटल ने उन्हें डिफॉल्ट नोटिस थमा दिया, जिसमें कथित नियम उल्लंघन, सत्यापन अनुरोध और मैक्सिकन सरकार की जांच का हवाला दिया गया.

सालिनास अकेले शिकार नहीं

वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, रिकार्डो सालिनास जैसे कई निवेशक इस धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं. स्क्लारोव ने कथित तौर पर अमेरिका, ब्रिटेन और एशिया के उधारकर्ताओं के कुल $750 मिलियन मूल्य के स्टॉक्स पर कब्जा कर लिया था.

सालिनास की कानूनी टीम ने अब लंदन कोर्ट में 400 मिलियन डॉलर की राशि को फ्रीज़ करवा दिया है और धन के प्रवाह को ट्रैक कर रही है. कुछ पैसे न्यू यॉर्क स्थित वकीलों के जरिए ऑफशोर खातों में भेजे गए थे.

वर्तमान में स्क्लारोव यूनान में अपनी ‘इन्चैंटमेंट’ नामक याट पर रह रहा है. उसने किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से इनकार किया है और कहा है कि निवेशकों को पहले ही बताया गया था कि उनके शेयर तीसरे पक्ष को दिए जा सकते हैं.

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *