पन्ना कोतवाली पुलिस ने लोन धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में आरोपी रोशन सल्डाना को कर्नाटक के मंगलुरु से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पन्ना के एक युवक से 32 लाख रुपए की ठगी की थी।
.
पन्ना एसपी साईं कृष्ण एस थोटा ने बताया कि 6 जून 2023 को साजिद खान ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। साजिद को रिसॉर्ट निर्माण के लिए लोन की जरूरत थी। उन्होंने मोबाइल पर साईं कंसल्टेंट्स, चित्रदुर्गा से संपर्क किया। कंपनी ने लोन प्रक्रिया और स्टांप ड्यूटी के नाम पर कई किस्तों में 32 लाख रुपए ले लिए।
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी जानकारी दी।
कोतवाली प्रभारी रोहित मिश्रा की टीम ने साइबर सेल की मदद से जांच की। पता चला कि मुख्य आरोपी रोशन सल्डाना मंगलुरू जेल में बंद था। एक अन्य आरोपी, जिसके खाते में पैसे जमा हुए थे, उसकी मौत हो चुकी है।
फर्जी थी कंपनी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि साईं बाबा फाइनेंस कंपनी पूरी तरह फर्जी थी। चित्रदुर्गा और बेंगलुरू में तलाशी के दौरान कोई दस्तावेज या राशि बरामद नहीं हुई। आरोपी के खिलाफ देश के कई राज्यों में वित्तीय धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के 27 मामले दर्ज हैं। कुल धोखाधड़ी की राशि 35 करोड़ रुपए है। प्रवर्तन निदेशालय भी आरोपी की संपत्ति की जांच कर रहा है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
.