छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना ग्राम भगवंतपुरा में हुई, जहां 21 वर्षीय नारायणदास अहिरवार ने गांव के स्कूल के सामने एक पेड़ पर फांसी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। ग्रामीणों ने उसे पेड़ पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान नारायणदास अहिरवार (21) पिता रामकिशन अहिरवार, निवासी ग्राम भगवंतपुरा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि नारायणदास को शराब पीने की लत थी। परिवार के सदस्य अक्सर उसे समझाने का प्रयास करते थे, लेकिन वह अपनी आदत नहीं छोड़ पा रहा था। परिवार के अनुसार, रविवार रात नारायणदास ने घर पर ही परिवार के साथ खाना खाया और फिर सो गया था। देर रात वह कब घर से निकला, इसकी जानकारी किसी को नहीं लग पाई। सुबह पेड़ पर लटका मिला शव
सुबह गांव के लोगों ने स्कूल के सामने लगे पेड़ पर युवक को फांसी के फंदे पर लटका देखा। इसके बाद तत्काल परिवार और ओरछा रोड थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पिता रामकिशन अहिरवार ने बताया कि उनका बेटा लंबे समय से शराब का आदी था। परिवार और रिश्तेदारों ने उसे कई बार समझाया, लेकिन वह शराब पीना नहीं छोड़ सका। परिजनों का मानना है कि शराब की लत के कारण ही उसने यह कदम उठाया। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। .