थांदला नगर के 20 युवाओं ने लिया अनोखा संकल्प: मंदिर में सात साल से कर रहे हनुमान चालीसा, रात आठ बजे से शुरू होता है पाठ – Jhabua News


झाबुआ जिले के थांदला नगर में युवाओं का एक समूह पिछले सात वर्षों से अध्यात्म और सेवा के माध्यम से भक्ति की धारा प्रवाहित कर रहा है। श्री कष्टभंजन भजन मंडल के सदस्य प्रत्येक मंगलवार को नियम और निष्ठा के साथ हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। यह सेवा यात्रा अब अपने सातवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। हर मंगलवार की रात स्थानीय हनुमान अष्ट मंदिर प्रांगण में भक्तिमय माहौल बन जाता है। समूह ठीक रात 8 बजे एकत्रित होता है और 9 बजे तक पूरी तन्मयता के साथ हनुमान चालीसा का पाठ तथा मधुर भजनों की प्रस्तुति देता है। मंडल का गठन समाज में एकता, सद्भावना और धर्म के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से किया गया था। इस आयोजन का मुख्य ध्येय नागरिकों के बीच धर्म के वास्तविक मूल्यों को पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को इस आध्यात्मिक अभियान से जोड़ना है। मंडल के युवाओं का मानना है कि सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में आपसी भाईचारा व एकता सुदृढ़ होती है। भजन मंडल द्वारा प्रत्येक वर्ष हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर विशाल धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। इस वर्ष मंडल अपने सातवें वार्षिक आयोजन की तैयारियों में जुटा है, जिसे भव्य रूप देने की योजना है। 20 युवाओं की टीम ने संकल्प लिया है कि वे अपनी इस साधना को विस्तार देते हुए 108वें हनुमान चालीसा पाठ पर एक ऐतिहासिक और विशाल कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मंडल के सदस्य घर-घर जाकर नागरिकों को इस धार्मिक अभियान से जुड़ने का आह्वान कर रहे हैं। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *