उमरिया में सूने घर से 2 लाख नकद चोरी: चोर दीवार कूदकर घुसे, जेवरात भी ले गए; पुलिस CCTV खंगाल रही – Umaria News


उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 14 कैंप में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर दीवार कूदकर घर के अंदर दाखिल हुए और आलमारी में रखे करीब दो लाख रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। कैंप निवासी जीशान अंसारी अपने परिवार के साथ भरौली स्थित दूसरे घर गए हुए थे। उन्होंने कैंप स्थित अपने घर के पीछे का दरवाजा बंद कर सामने के दरवाजे में ताला लगाकर घर छोड़ा था। जब वे वापस लौटे और सामने का ताला खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने पीछे के रास्ते से अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी से नकद रुपये व जेवरात गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने मंगलवार को बताया कि मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *