ग्वालियर में 17 साल के छात्र ने लगाई फांसी: देर रात तक मोबाइल चला रहा था, अगले दिन दोपहर तक नहीं निकला तो परिजनों ने किया चेक – Gwalior News


ग्वालियर में एक नाबालिग छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार दोपहर की है। जब छात्र दोपहर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को शक हुआ। कमरे का दरवाजा खोलने पर वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना उपनगर ग्वालियर के घासमंडी क्षेत्र में सुभाषपुरी हॉस्पिटल के पास की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्र देर रात तक मोबाइल चला रहा था। उसका मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त कर लिया है। फिलहाल मोबाइल लॉक है, लेकिन पुलिस को उससे अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। मृतक की पहचान घासमंडी निवासी 17 वर्षीय आयुष पाल के रूप में हुई है, जो 12वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात उसने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया था। रविवार दोपहर तक बाहर नहीं आने पर मां कमरे में पहुंचीं, जहां का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। शोर सुनकर अन्य परिजन भी पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, हालांकि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मोबाइल से खुलेगा मौत का राज पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि छात्र देर रात सोशल मीडिया पर सक्रिय था और किसी से बातचीत कर रहा था। मोबाइल फोन लॉक होने के कारण फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मोबाइल को अनलॉक कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किससे बात कर रहा था और आत्महत्या के पीछे की वजह क्या हो सकती है। थाना प्रभारी बोले- जांच की जा रही है ग्वालियर थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि नाबालिग छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *