मध्यप्रदेश के मंदसौर में नकली घी बनाने वाले अहमदाबाद के दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब डेढ़ सौ लीटर नकली घी जब्त किया गया है। दोनों करीब तीन महीने से यहां रह रहे थे। वह नकली घी बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में 200 रुपए किलो में बेचते थे। सिटी कोतवाली और नई आबादी थाना पुलिस ने फ़ूड सेफ्टी और रेवेन्यू टीम को इसकी जानकारी लगी। टीम ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात संयुक्त रूप से सीतामऊ फाटक क्षेत्र में किराए के घर के भीतर संचालित नकली घी बनाने की फैक्ट्री पर कार्रवाई की। आरोपी डालडा/सोयाबीन तेल में केमिकल और आर्टिफिशियल देसी फ्रेगरेंस मिलाकर उसे पकाकर नकली घी तैयार कर रहे थे, जिससे लोगों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीतामऊ फाटक क्षेत्र में किराए के मकान में नकली घी बनाने का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम शिवलाल शाक्य, सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर, सिटी कोतवाली टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर और नई आबादी टीआई कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में राजस्व, फूड सेफ्टी और पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। मौके से भारी मात्रा में नकली घी और सामग्री जब्त
दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से लगभग डेढ़ सौ लीटर नकली घी बरामद किया। इसके साथ ही नकली घी बनाने में उपयोग की जा रही सामग्री, सोयाबीन तेल, बर्तन और एक केमिकल भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग देसी घी जैसी खुशबू पैदा करने के लिए किया जा रहा था। जब पुलिस मौके पर पहुंची, उस समय भी आरोपी नकली घी तैयार कर रहे थे। अहमदाबाद के रहने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से गोपाल और संजय पिता अशोक बागरी, निवासी अहमदाबाद (गुजरात) को गिरफ्तार किया है। दोनों सगे भाई हैं और पिछले दो से तीन महीने से सीतामऊ फाटक क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर इस नकली घी फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। ग्रामीण इलाकों में बेचते थे ₹200 किलो नकली घी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी रोजाना ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर नकली घी बेचते थे। वे लगभग 200 रुपए प्रति किलो की दर से घी बेचकर लोगों को धोखा दे रहे थे और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक केमिकल युक्त घी की सप्लाई कर रहे थे। एसडीएम शिवलाल शाक्य ने बताया कि, “सूचना मिलने पर फूड सेफ्टी विभाग और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में नकली घी पाया गया है। करीब डेढ़ सौ लीटर नकली घी बरामद किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।” सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके बाद रेवेन्यू, फूड सेफ्टी और दो थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। “आरोपी सोयाबीन तेल को गर्म कर उसमें केमिकल और आर्टिफिशियल फ्रेगरेंस मिलाकर नकली घी तैयार कर रहे थे। भारी मात्रा में घी बरामद हुआ है। फूड सेफ्टी टीम द्वारा सैंपलिंग की जा रही है और दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फूड सेफ्टी विभाग की जांच जारी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल प्रकरण दर्ज कर लिया गया है, फूड सेफ्टी टीम द्वारा जब्त किए गए घी के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। .