भिण्ड में हाईस्कूल बोर्ड की गणित परीक्षा कड़ी प्रशासनिक सख्ती और सतत निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले में पंजीकृत 19,343 परीक्षार्थियों में से 18,784 परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहे, जबकि 559 विद्यार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए। खास बात यह रही कि पूरे जिले में एक भी नकल प्रकरण सामने नहीं आया। माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश की परीक्षा के दौरान कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने शासकीय डाइट संस्थान भिण्ड और सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता देखने को मिली। नकल पर सख्ती, पारदर्शिता का संदेश निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। परीक्षा कक्षों में शांत वातावरण रहा और परीक्षार्थियों ने बिना किसी व्यवधान के प्रश्नपत्र हल किया। केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति, सुरक्षा प्रबंधन और गोपनीयता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। गणित जैसे महत्वपूर्ण विषय की परीक्षा में प्रशासनिक सख्ती और निरंतर निगरानी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि बोर्ड परीक्षा की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जिले में परीक्षा पूरी तरह अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। .