सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास सुबह के समय सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खेत के गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई।
.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह कार सिवनी से मंडला की ओर जा रही थी। सुबह के समय कान्हीवाड़ा स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क से उतरकर सीधे खेत के गड्ढे में जा घुसी। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार सवारों की मदद की। घटना की सूचना तत्काल कान्हीवाड़ा पुलिस को दी गई।
पुलिस ने कार को गड्ढे से बाहर निकाली
सूचना मिलने पर कान्हीवाड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने कार को गड्ढे से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की है और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क की स्थिति जर्जर है और इसमें कई गड्ढे हैं, जिससे वाहन चालकों को अक्सर परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों बोले-लंबे समय से सड़क खराब
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से खराब हालत में है। प्रशासन को कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
कान्हीवाड़ा थाना प्रभारी संतोष पंद्रे ने बताया कि उन्हें कार दुर्घटना की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के विस्तृत कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
.