स्थानीय ग्रामीणों ने जब जंगल से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं तो तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और आ …और पढ़ें
HighLights
- उचेहरा वन परिक्षेत्र के पोड़ी लेडहरा पहाड़ के जंगल में आग।
- लंबे क्षेत्र में फैली लपटों से वन संपदा को नुकसान की आशंका/
- पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां आग तेजी से फैलती चली गई थी।
सतना। गर्मी का मौसम शुरू होते ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत पोड़ी लेडहरा पहाड़ के जंगल में सोमवार देर शाम भीषण आग लग गई, जिससे बड़े क्षेत्र में फैले जंगल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पोड़ी लेडहरा पहाड़ के जंगल में अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने आसपास के सूखे पत्तों, झाड़ियों और घास को अपनी चपेट में ले लिया और धीरे-धीरे जंगल के बड़े हिस्से में फैल गई। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे वन संपदा को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने जब जंगल से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं तो तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। वन कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से झाड़ियों को हटाकर और मिट्टी डालकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि गर्मी और सूखे मौसम के कारण जंगल में गिरे सूखे पत्ते और घास आग को तेजी से फैलाने में सहायक बन रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि किसी की लापरवाही या जंगल में फेंकी गई जलती बीड़ी-सिगरेट से आग भड़क सकती है।
वन विभाग के अनुसार आग को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
.