Last Updated:
Post-Lunch Sleep Causes: लंच के बाद अधिकतर लोगों को नींद आने लगती है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो इसकी वजह शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक, पाचन तंत्र, हार्मोन्स और हैवी मील है. संतुलित आहार, हल्की वॉक और सही नींद की आदतों से इस सुस्ती को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है.
खाना खाने के बाद शरीर में कई जैविक प्रक्रियाएं होती हैं, जिससे नींद आने लगती है.
Afternoon Sleepiness After Meals: अक्सर आपने महसूस किया होगा कि लंच से पहले शरीर में बिल्कुल भी नींद जैसा एहसास नहीं होता है, लेकिन दोपहर का खाना खाते ही लोगों को सुस्ती और नींद आने लगती है. ऑफिस में काम करते हुए आंखें भारी हो जाती हैं, पढ़ाई कर रहे छात्रों का ध्यान भटकने लगता है और कई बार तो झपकी लेने का मन करने लगता है. अब सवाल है कि क्या यह केवल थकान की वजह से होता है या इसके पीछे कोई वैज्ञानिक कारण भी होता है?
दिल्ली के PSRI हॉस्पिटल की सीनियर डाइटिशियन पूनम दुनेजा ने News18 को बताया कि लंच करने के बाद नींद आने की सबसे बड़ी वजह हमारी बॉडी क्लॉक यानी सर्केडियन रिदम है. हमारे शरीर में 24 घंटे का जैविक चक्र होता है, जो नींद और जागने के समय को कंट्रोल करता है. दोपहर लगभग 1 से 3 बजे के बीच स्वाभाविक रूप से एनर्जी का स्तर थोड़ा गिरता है. यह वही समय है, जब शरीर थोड़ी विश्राम अवस्था की ओर जाता है. इसलिए लोगों को लंच के बाद सुस्ती और नींद आने लगती है. भले ही आपने ज्यादा खाना न खाया हो, फिर भी इस समय हल्की नींद आ सकती है.
एक्सपर्ट के मुताबिक लंच में अगर आप हम ज्यादा कार्बोहाइड्रेट या हैवी फूड्स जैस- चावल, रोटी, तली-भुनी चीजें या मीठा खाते हैं, तो शरीर में ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है और फिर अचानक गिरता है. यह उतार-चढ़ाव थकान और नींद जैसी फीलिंग पैदा कर सकता है. इसके अलावा खाना पचाने के लिए शरीर को ज्यादा ब्लड फ्लो की जरूरत होती है, जो पाचन तंत्र की ओर चला जाता है. इससे ब्रेन को अस्थायी रूप से कम एनर्जी मिलती है और सुस्ती महसूस हो सकती है.
लंच के बाद नींद आने की एक वजह हार्मोनल बदलाव भी है. खाने के बाद शरीर में इंसुलिन का स्तर बढ़ता है, जिससे ट्रिप्टोफैन नामक अमीनो एसिड ब्रेन तक ज्यादा मात्रा में पहुंचता है. ट्रिप्टोफैन सेरोटोनिन और मेलाटोनिन जैसे हार्मोन के निर्माण में मदद करता है, जो नींद और आराम की भावना से जुड़े होते हैं. यही वजह है कि हैवी मील के बाद शरीर आराम की स्थिति में जाने लगता है. लंच के बाद नींद आना एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है और यह किसी तरह की परेशानी नहीं है.
अब सवाल है कि इसे कैसे कंट्रोल किया जाए? डाइटिशियन ने बताया कि लंच हल्का और संतुलित होना चाहिए. भोजन में प्रोटीन, फाइबर और हरी सब्जियों को शामिल करें. अत्यधिक कार्बोहाइड्रेट और मीठा खाने से बचें. इसके अलावा लंच के बाद 10 से 15 मिनट की हल्की वॉक करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और नींद कम आती है. पर्याप्त पानी पीना और रात में पूरी नींद लेना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि नींद की कमी दिन में सुस्ती बढ़ा सकती है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें